भाजपा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी। गुरु रविदास के समता, सद्भाव और सामाजिक न्याय के संदेश का होगा व्यापक प्रचार।

BJP state spokesperson Amit Chimanani gave information about the schemes.

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने दी योजनाओं की जानकारी

  • Published: 28 Jul 2026, 04:44 PM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 04:44 PM IST

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (रविदास जयंती) तक देशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने राजिम में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। यह अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा।

गुरु रविदास महाराज थे महान समाज सुधारक
अमित चिमनानी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज केवल एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक और महान समाज सुधारक थे। उन्होंने जातिगत भेदभाव, ऊंच-नीच और सामाजिक विषमताओं के खिलाफ आवाज उठाते हुए समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनका 'बेगमपुरा' का दर्शन एक ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय या शोषण न हो। 

गुरु रविदास महाराज के विचारों से मिलती है प्रेरणा 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल में भी गुरु रविदास महाराज के विचारों की प्रेरणा दिखाई देती है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को 'समरसता दीप महोत्सव' से होगी। इस दौरान देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क अभियान सहित विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक निकलेगी समरसता यात्रा
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा' निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित 
प्रेसवार्ता में राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकुमार साहू, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला मंत्री सुरेंद्र सोंटेके, जिला प्रवक्ता पारस ठाकुर तथा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)