Published: Friday, September 18, 2026, 14:22 [IST]
Diler Kharakiya: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर, एक्टर और मॉडल दिलेर खरकिया की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। ये घटना भिवानी में उनके घर के बाहर बीते गुरुवार रात हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर ने उनकी रेंज रोवर (Range Rover) को निशाना बनाया। राहत की बात ये रही कि घटना के समय दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद नहीं थे और वो सुरक्षित हैं। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सिंगर के घर के बाहर खड़ी कार पर चली गोलियां
पुलिस के मुताबिक ये घटना गत 17 सितंबर 2026 (गुरुवार) रात करीब 10:30 बजे की है। एक युवक मोटरसाइकिल से दिलेर खरकिया के घर के बाहर पहुंचा और वहां खड़ी उनकी कार पर गोलियां चला दीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद नहीं थे
भिवानी के पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मुताबिक फायरिंग के समय दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल की जांच की। फिलहाल हमलावर की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
सोशल मीडिया पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी का दावा
-फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें अनिल पंडित के नाम से इस हमले की कथित जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया है कि दिलेर खरकिया फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे थे।
-कथित पोस्ट में हिमांशु सोनीपत, हरि बॉक्सर और हरमन संधू समेत कुछ अन्य नामों का भी जिक्र किया गया है। पोस्ट में सिंगर को धमकी देने का दावा भी किया गया है। हालांकि सोशल मीडिया पर सामने आई इस पोस्ट की पुलिस या किसी आधिकारिक एजेंसी की ओर से स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिए पोस्ट में किए गए दावों को फिलहाल आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है।
कौन हैं दिलेर खरकिया?
-दिलेर खरकिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह हरियाणवी इंडस्ट्री के फेमस सिंगर, एक्टर और मॉडल हैं। साल 1997 को भिवानी जिले के खरक कलां गांव में जन्मे दिलेर खरकिया को बचपन से ह म्यूजिक का शौक था। आपको बता दें कि उनके पिता राजेंद्र खरकिया रागनी की दुनिया में चर्चित कलाकार रहे हैं। पिता से प्रेरित होकर दिलेर ने बचपन में ही रागनी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था।
-साल 2018 में दिलेर ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। 'मोटो', 'विश' और 'फीम' जैसे गानों ने उन्हें खास पहचान दिलाई। इसके अलावा 'लीलो चमन', 'जूती काली', 'हाई कोर्ट', 'कबूतरी' और 'आलू मटर' जैसे गाने भी उनके पॉपुलर ट्रैक में शामिल हैं। दिलेर कई म्यूजिक वीडियोज में एक्ट्रेस और मॉडल अंजलि राघव के साथ भी नजर आ चुके हैं।
अनिल पंडित को लेकर क्या है दावा?
-फायरिंग के बाद जिस नाम से कथित सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, उस अनिल पंडित को लेकर भी कई आपराधिक मामलों से जुड़े दावे किए जाते रहे हैं। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, वह मूल रूप से हरियाणा के पानीपत का रहने वाला बताया जाता है और फिलहाल अमेरिका में होने का दावा किया जाता है।
-कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया है कि अनिल पंडित साल 2022 में दुबई गया था और बाद में अमेरिका पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात गैंगस्टर रणदीप मलिक से होने का दावा किया गया। हालांकि दिलेर खरकिया पर हुए हमले के मामले में इन दावों और सोशल मीडिया पोस्ट की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग से भी जुड़ा था नाम
अनिल पंडित का नाम इससे पहले पंजाबी सिंगर और एक्टर गुरु रंधावा (Guru Randhawa) के जिम पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था। जून 2026 में पश्चिमी दिल्ली में हुई इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। उस समय भी सोशल मीडिया पोस्ट में हमले को लेकर कई दावे किए गए थे, जिनकी वास्तविकता जांच का विषय थी।
पंजाबी-हरियाणवी कलाकारों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
-दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग की घटना ने एक बार फिर पंजाबी और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के सालों में कलाकारों को धमकियां मिलने और फायरिंग की घटनाओं के मामले सामने आते रहे हैं।
-इसी महीने कनाडा में फेमस पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क (Ammy Virk) को लेकर भी फायरिंग की खबर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक वहां उनकी बुलेटप्रूफ Rolls-Royce को निशाना बनाया गया था। हालांकि दिलेर खरकिया के मामले में हमले की वजह, आरोपी की पहचान और सोशल मीडिया पर सामने आई कथित पोस्ट की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
-दिलेर खरकिया की कार पर हुई फायरिंग की घटना ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल सिंगर सुरक्षित हैं और पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है। सोशल मीडिया पर सामने आई कथित जिम्मेदारी और धमकी की पोस्ट को लेकर भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह सामने आएगी।