Updated On: Jul 29, 2026 | 04:39 PM IST
विज्ञापन
सार
Amravati Jal Jeevan Mission Accident News: अमरावती के चिखलदरा में जलजीवन मिशन के खुले गड्ढे में पानी भरने से 3 साल की नायरा बुसुम की डूबकर मौत। ग्रामीणों में भारी गुस्सा।

अमरावती में जलजीवन मिशन के गड्ढे में गिरने से मासूम बच्ची की मौत (फोटो क्रेडिट-X)
विस्तार
Jal Jeevan Mission Pit Death 3 Year Old Girl Amravati: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र अंतर्गत चिखलदरा तालुका से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के कोरदा गांव में केंद्र सरकार की ‘जलजीवन मिशन’ योजना के तहत खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में गम और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने संबंधित ठेकेदार और प्रशासनिक अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
बारिश के पानी से भरा था गड्ढा, सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं
जानकारी के अनुसार, कोरदा गांव में जलजीवन मिशन योजना के तहत घर-घर पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह बड़े गड्ढे खोदे गए थे। मानसून की बारिश के कारण इन गड्ढों में लबालब पानी भर गया था।
सम्बंधित ख़बरें
गांव के संजू बुसुम की तीन वर्षीय मासूम बेटी नायरा खेलते-खेलते इस गड्ढे के पास पहुंच गई और अनजाने में उसमें गिर गई। काफी देर तक बच्ची के दिखाई न देने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, तो उसका शव पानी से भरे गड्ढे में पाया गया।
ये भी पढ़ें- Shirdi News: शिर्डी में साईं बाबा को चढ़ा 1 करोड़ का स्वर्ण मुकुट, गुरु पूर्णिमा पर भक्त की अनूठी गुरु दक्षिणा
नोटिस बोर्ड और बैरिकेडिंग न होने से हुआ हादसा
ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं किया गया था। वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड (Notice Board) लगाया गया था और ना ही गड्ढे को ढकने या बैरिकेडिंग करने की व्यवस्था की गई थी। ठेकेदार की इसी उदासीनता और लापरवाही के कारण यह भयानक हादसा घटित हुआ।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुंबई में बारिश के दौरान बिना ढक्कन के मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी, और अब ग्रामीण इलाकों में भी सरकारी निर्माण कार्यों की ढिलाई मासूमों की जान ले रही है।
ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर और जांच की मांग
मासूम नायरा की मौत के बाद कोरदा गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने जलजीवन मिशन के काम में लगे ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
