राजस्थान रोडवेज के बेड़े में 144 नई आधुनिक बीएस-6 बसें शामिल की गई हैं। इन्हें प्रदेश के 23 डिपो में बांटा गया है, जिनमें पाली डिपो को 3 नई ब्लू लाइन बसें मिली हैं। इन बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।

.

हर सीट पर पैनिक बटन, सीसीटीवी और जीपीएस जैसी आधुनिक सुविधाएं

नई बसों में हर सीट पर पैनिक बटन लगाया गया है। किसी भी तरह की छेड़छाड़ या आपात स्थिति में खासकर महिलाएं इस बटन का इस्तेमाल कर मदद ले सकेंगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए 2 सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस, एलईडी स्क्रीन और शिकायत बॉक्स भी लगाए गए हैं।

बीएस-6 बसों का निर्माण केंद्र सरकार के नए बस बॉडी कोड और AIS-52 व AIS-153 सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर बस में पैनिक बटन और दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी। वहीं अनुबंधित बसों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया जाएगा।

नई रोडवेज बसों में लगे CCTV कैमरे।

नई रोडवेज बसों में लगे CCTV कैमरे।

हरी झंडी दिखाकर रवाना की बसें, बालोतरा-जयपुर रूट पर होगा संचालन

पाली डिपो को मिली तीनों बसों को शनिवार को संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन के पूर्व उपाध्यक्ष जवानसिंह और इंटक के नारायणलाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पाली डिपो के यातायात प्रबंधक महेंद्र अजमेरा ने बताया कि एक बस पाली से दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर शाम करीब 6:30 बजे बालोतरा पहुंचेगी। वापसी में बस बालोतरा से सुबह 10 बजे रवाना होकर दोपहर 2:15 बजे पाली पहुंचेगी। वहीं जयपुर से सुबह 7:30 बजे रवाना बस दोपहर 2:15 बजे पाली पहुंचेगी, जबकि रात 11:30 बजे जयपुर से चलने वाली बस सुबह 5:30 बजे पाली पहुंचेगी।

इस मौके पर पाली डिपो के एमओ राजेंद्र मीणा, यातायात निरीक्षक विष्णु राव, शीला चावला, ड्राइवर विजेंद्रसिंह, मानदान चारण सहित कई लोग मौजूद रहे।

नई रोडवेज बस में लगे पैनिक बटन।

नई रोडवेज बस में लगे पैनिक बटन।

एलईडी डिस्प्ले, चार्जिंग पॉइंट और फायर अलार्म जैसी सुविधाएं भी

नई बसों में आगे और पीछे एलईडी रूट डिस्प्ले, प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), इमरजेंसी एग्जिट, फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम, उद्घोषणा प्रणाली और चालक की बेहतर दृश्यता के लिए क्वार्टर ग्लास विंडो जैसी आधुनिक सुविधाएं भी दी गई हैं।

23 डिपो में बांटी गईं नई बसें, जानिए किसे कितनी मिलीं

नई बसों का वितरण प्रदेश के 23 डिपो में किया गया है। आबूरोड को 2, अनूपगढ़ 9, बारां 13, बाड़मेर 1, ब्यावर 2, बूंदी 11, चूरू 1, डूंगरपुर 5, हनुमानगढ़ 11, जैसलमेर 3, जोधपुर 7, केकड़ी 8, कोटा 19, नागौर 3, पाली 3, फलोदी 3, प्रतापगढ़ 2, सवाई माधोपुर 8, सीकर 11, श्रीमाधोपुर 7, टोंक 7, वैशालीनगर 5 और विद्याधरनगर 3 बसें उपलब्ध कराई गई हैं।

बस में रखी शिकायत पेटी और आग लगने पर उसे बुझाने के एबीसी सिलेंडर।

बस में रखी शिकायत पेटी और आग लगने पर उसे बुझाने के एबीसी सिलेंडर।

बस में हवा आती रहे ऐसे में बस की छत पर दो रूट टॉफ जैसी सुविधा भी है।

बस में हवा आती रहे ऐसे में बस की छत पर दो रूट टॉफ जैसी सुविधा भी है।