
घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य में जुटे लोग.
Tamil Nadu News: तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के थिरुवलम इलाके में बड़ा हादसा हो गया. मंजुकृष्णपुरम में निर्माणाधीन सीएसआई जायन हिल चर्च की छत अचानक गिर गई. हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
बताया गया कि गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे चर्च की छत पर कंक्रीट डालने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन ढांचा भरभराकर गिर गया. कई मजदूर मलबे में दब गए. सूचना मिलते ही थिरुवलम पुलिस और काटपाडी अग्निशमन एवं बचाव सेवा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.
3 मजदूरों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बेंगलुरु के भवन निर्माण ठेकेदार जॉन (39), आंध्र प्रदेश के इमैनुअल (45) और सैमुअल (45) के रूप में हुई है. इमैनुअल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि सैमुअल का शव मलबे से बरामद किया गया. हादसे में घायल चार मजदूरों को अडुक्कम्पराई स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और वेल्लोर के सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. करीब 10 अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं.
ये भी पढ़ें- सिर-धड़ अलग-अलगवहीं रखा था पूजा का सामान; क्या धनबाद के जंगल में दी गई महिला की बलि?
NDRF की 30 सदस्यीय टीम पहुंची
मलबे में किसी अन्य मजदूर के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा. NDRF की 30 सदस्यीय टीम को मौके पर लगाया गया. अरक्कोनम यूनिट के चार खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई. आंध्र प्रदेश की सीमा पास होने के कारण वहां की पुलिस टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया.
बिरयानी खाने गए मजदूरों की बची जान
सूत्रों के मुताबिक, चर्च अधिकारियों ने पहले ही गुरुवार शाम छत पर कंक्रीट डालने का काम होने की जानकारी दी थी. इसी दौरान कई मजदूर इमारत से बाहर जाकर पास में परोसी जा रही बिरयानी खाने चले गए थे. हादसे के समय उनके इमारत में मौजूद नहीं होने से उनकी जान बच गई. माना जा रहा है कि अगर सभी मजदूर उस समय इमारत के अंदर होते तो हादसा और बड़ा हो सकता था.
पुलिस ने शुरू की जांच
वेल्लोर कलेक्टर पीएस लीला एलेक्स, रानीपेट पुलिस अधीक्षक पी सिबिन और कटपाडी विधायक डॉ. एम सुधाकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. कलेक्टर ने पुलिस को इमारत गिरने के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए हैं. थिरुवलम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. हादसे की वजह की जांच की जा रही है.

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.
Read More