महाराष्ट्र के नवी मुंबई में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े 3,404 फॉर्म की फोटोकॉपी किए जाने का मामला सामने आया है. जिसके बाद पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निलंबित कर दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक ये सभी फॉर्म पनवेल विधानसभा क्षेत्र के थे और इनमें मतदाताओं की तस्वीर, निजी जानकारी और BLO के आधिकारिक हस्ताक्षर मौजूद थे.
अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब शिवसेना (UBT) के एक स्थानीय नेता ने खारघर की एक दुकान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के पदाधिकारी सूरज पाटिल को पनवेल विधानसभा क्षेत्र के 3,404 SIR फ़ॉर्म के साथ पकड़ा.
पांच BLOs सस्पेंड
अधिकारी ने बताया कि नवी मुंबई की एक दुकान में बीजेपी के एक स्थानीय कार्यकर्ता को मतदाताओं की जानकारी वाले 3,000 से ज़्यादा ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न’ (SIR) चुनावी फ़ॉर्म की फ़ोटोकॉपी करते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद पांच बूथ-लेवल अधिकारियों (BLOs) को सस्पेंड कर दिया गया है.
सूरज पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने बताया कि अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई और रेवेन्यू अधिकारियों ने ज़ब्त किए गए दस्तावेज़ों की जांच की, जिसके बाद नायब तहसीलदार ने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई और सूरज पाटिल के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया. ज़ब्त किए गए दस्तावेज़ों में 188 पनवेल विधानसभा क्षेत्र के असली SIR फ़ॉर्म शामिल थे, जिनमें मतदाताओं की तस्वीरें, निजी जानकारी और BLO के आधिकारिक हस्ताक्षर थे.
इस मामले में रायगढ़ कलेक्टर ने कहा ‘हमारे अधिकारियों ने दस्तावेज़ों की जांच की और पाया कि वे वास्तव में असली थे और उनकी ज़िम्मेदारी BLO की थी. इसलिए, हमने उस इलाके के पांच BLO को सस्पेंड कर दिया’. वहीं खारघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पाटिल के ख़िलाफ़ FIR दर्ज की है. पुलिस ने बताया कि पाटिल को हिरासत में लिया गया और रिहा करने से पहले मानक कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस दिया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ . इसके बाद प्रशासन ने इस बात की जांच की कि आखिर मतदाताओं द्वारा भरे गए SIR फॉर्म एक निजी फोटो कॉपी सेंटर तक कैसे पहुंचे. पुलिस मौके पर पहुंची और बीजेपी पदाधिकारी को हिरासत में ले लिया. अधिकारियों ने दुकान से बड़ी तादाद में प्रिंट किए गए SIR फॉर्म भी जब्त किए और उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया.
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई. हालांकि, पनवेल नगर निगम के महापौर और बीजेपी नेता नितिन पाटिल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का इस मामले से कोई संबंध नहीं है. वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने भी इसको लेकर सवाल खड़े किए हैं.
खारघर ,नवी मुंबई ,महाराष्ट्र
खाली SIR FORM पर BLO के साइन है कल XEROX के दुकान से मिले 3400 Form जो SIR FORM केचुआ दफ्तर में रहने चाहिए वो Form भाजपा नेता के पास कैसे पहुंचे
मित्र नहीं बताया जो भाजपा है वही केचुआ है जो केचुआ है वही भाजपा है मिलकर लोकतंत्र को कैदी बना रहे है pic.twitter.com/rpKvm1Y2Dl
— Atul Londhe Patil (INDIA Ka Parivar)🇮🇳 (@atullondhe) August 28, 2026
विधायक रोहित पवार ने क्या कहा
विपक्षी एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने कहा कि पांच BLO को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने SIR प्रक्रिया के संचालन के तरीके में खामियों को उजागर किया है. उन्होंने कहा ‘हम कहते आ रहे हैं कि बीजेपी इस प्रक्रिया का इस्तेमाल अपनी चुनावी जीत सुनिश्चित करने के लिए कर रही है और यह घटना हमारी बात को सही साबित करती है’.
खारघरमध्ये भाजप कार्यकर्त्यांच्या हाती SIR मोहिमेचे फॉर्म असल्याचं नागरिकांनीच रंगेहात पकडल्याने निवडणूक आयोगाच्या कथित पारदर्शक SIR मोहिमेचा पर्दाफाश झाला. यामुळं SIR ही मोहीम कशी फसवी आणि नावापुरती राबवली जाते हे स्पष्ट झालं. या मोहिमेच्या माध्यमातून भाजप आपल्या पुढील विजयाचा pic.twitter.com/RhuZ0ndGbW
— Rohit Pawar (@RRPSpeaks) August 27, 2026
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से भी सवाल किया गया, लेकिन वहां से जिम्मेदारी केंद्रीय चुनाव आयोग की ओर भेज दी गई. उन्होंने कहा कि केवल BLOको निलंबित करना पर्याप्त नहीं है. उन्हें निर्देश देने वाले अधिकारियों को भी निलंबित किया जाना चाहिए और इसमें शामिल बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह की कई घटनाएं हो सकती हैं जिनका पता नहीं चला है. उन्होंने चुनाव आयोग से इस संबंध में जवाब मांगा.