- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Durg bhilai
- Bhilai Scorpio Accident | Youth Death Case | Road Collision Updates
दुर्ग-भिलाई5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ में अलग-अलग हादसों में 5 की मौत
छत्तीसगढ़ में 3 अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। मुंगेली में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-130 पर अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। तीनों युवक अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
वहीं, दुर्ग में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 2 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार 2 हिस्सों में बंट गई। इसके अलावा मटकी फोड़ उत्सव देखने डोंगरगढ़ जा रहा एक युवक भिलाई में चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मुंगेली जिले के बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-130 पर हादसे में दो युवकों की मौत
केस-1 मुंगेली में ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत
मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-130 पर नारायणपुर के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार 3 युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक बैतलपुर में अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। हादसे में बेमेतरा जिले के रहने वाले चोलाराम साहू (20) और मुंगेली जिले के सागर यादव (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुंगेली का सूरज यादव (26) गंभीर रूप से घायल है। उसे सरगांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीओपी हरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

दुर्ग में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई; दो की मौत
केस-2 दुर्ग में पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, दो की मौत
दुर्ग में शनिवार देर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार 2 युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सेक्टर-4 के प्रतीक ठाकुर (26) और भास्कर (26) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने दोस्त को नेहरू नगर छोड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक गाय आ गई। उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और सर्विस लेन पार करते हुए पेड़ से जा टकराई।
प्रतीक ठाकुर की मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं, भास्कर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डोंगरगढ़ जा रहा युवक भिलाई में ट्रेन से गिरा।
मटकी फोड़ देखने जा रहा युवक ट्रेन से गिरा
भिलाई में एक अन्य हादसे में कैंप-2 के शारदा पारा निवासी विनय की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह डोंगरगढ़ में मटकी फोड़ उत्सव देखने जा रहा था। इसी दौरान बटालियन शराब भट्ठी के पास वह चलती ट्रेन से गिर गया।
हादसे में विनय की मौत हो गई। यह मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
…………………………
क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें….
राजनांदगांव में स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर, भाई-बहन समेत 4 की मौत:त्योहार मनाने मायके आई थीं बहनें, शॉपिंग के बाद घर लौटते समय हादसा

राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को भाई-बहन त्योहार की शॉपिंग करने छुरिया गए थे। शाम को बाइक से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे, तभी शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पढ़ें पूरी खबर…
.