• Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Farrukhabad
  • Farrukhabad Eid Miladunnabi Juloos | Grand Procession Held In City

फर्रुखाबाद2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

फर्रुखाबाद के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर बुधवार को फर्रुखाबाद में ईद-मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। शाम करीब 6 बजे टाउनहॉल से शुरू हुआ जुलूस रात 10 बजे के बाद तक चलता रहा। जुलूस में सैकड़ों लोग शामिल हुए।

सुबह से ही घरों में कुरआनख्वानी, कुरआन की तिलावत और इबादत का दौर चलता रहा। बच्चों ने हाथों में परचम लेकर खुशी का इजहार किया। कई घरों में इस मौके पर विशेष पकवान भी बनाए गए।

104 साल से निकाला जा रहा जुलूस

फर्रुखाबाद में ईद-मिलादुन्नबी पर जुलूस निकालने की परंपरा करीब 104 साल पुरानी बताई जाती है। वर्ष 1922 में पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सीरत कमेटी का गठन किया गया था। इसके बाद से कमेटी की ओर से लगातार जुलूस और जलसे का आयोजन किया जा रहा है।

30 से 35 सजे वाहनों के साथ निकला जुलूस

शाम को टाउनहॉल से मरकजी काफिले के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना हुआ। इसमें करीब 30 से 35 सजे हुए वाहन शामिल रहे। वाहनों पर आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं, जिन्हें देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुटी रही।

जुलूस रकाबगंज तिराहा, तिकोना चौकी, पक्का पुल और चौक बाजार समेत शहर के प्रमुख मार्गों से होकर अंजुमन स्कूल के पास पहुंचकर समाप्त हुआ। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर तकरीरें हुईं। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नारे लगाए गए और लोगों को अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया गया।

मुख्य बाजार में हुई रोशनी और आतिशबाजी

जुलूस को लेकर शहर के मुख्य बाजारों में आकर्षक लाइटिंग की गई थी। जुलूस में एक दर्जन से अधिक डीजे वाहन भी शामिल रहे। कई स्थानों पर लोगों ने जुलूस का फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।

बिजली लाइन के नीचे झंडा लहराने पर लोगों को उतारा

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने डीजे वाहन पर खड़े होकर झंडा लहरा रहे लोगों को नीचे उतारा। पुलिस के अनुसार, जुलूस मार्ग पर ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनों के कारण हादसे का खतरा था। इसी वजह से लोगों को वाहन की छत से नीचे उतारा गया।

गरीबों की मदद का दिया संदेश

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भूखे को खाना खिलाना सबसे नेक काम है। फाउंडेशन की ओर से गरीबों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। आगे भी जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करने की बात कही गई।

पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि बारावफात के जुलूस को लेकर जिले के सभी थानों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अधिकांश जुलूस समाप्त हो चुके थे, जबकि एक-दो स्थानों पर जुलूस जारी थे। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक के अलावा चार थानों का पुलिस फोर्स भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया।

.