पानीपत में CIA-2 पुलिस ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर लूटपाट और हत्या करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के चार आरोपियों और लूट का सामान खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है। 22 से 23 साल के इन युवकों ने 2024 में छोटी-मोटी चोरी से
.
अलग-अलग मामलों में जेल जाने के बाद उनकी आपस में पहचान हुई। ब्रांडेड कपड़े पहनने और लग्जरी लाइफ जीने के लिए इन्होंने गैंग बनाया। जेल में बंद दूसरे अपराधियों से उन्हें पता चला कि सुए से हमला करने पर आर्म्स एक्ट नहीं लगता। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जेल के जरिए ही उन्हें ऐसे सुनार का पता चला, जो लूटे गए सोने को असली कीमत के करीब 30% में खरीदता था।
पहले गिरफ्तार आरोपियों की तस्वीरें देखिए…

कोहंड निवासी किशन, दिनानाथ कॉलोनी निवासी प्रिंस और सुभाष कॉलोनी निवासी सुनार बाल कृष्ण उर्फ शैंटी को 14 मई को हुई लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

बाबरपुर गांव निवासी चंदन और शिमला मौलाना निवासी कर्ण को 20 मई को बुजुर्ग महिला से लूटपाट के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
अलग-अलग वारदातों में गिरफ्तार हुए आरोपी
- 14 मई की रात देवी मूर्ति कॉलोनी निवासी मदवन आहुजा खाना लेकर लौट रहे थे। जिंदल नर्सिंग होम के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और बर्फ तोड़ने वाले सुए से पीठ व कमर पर वार कर दिया। आरोपी सोने की चेन, लैपटॉप और कागजात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस मामले में तहसील कैंप पुलिस ने पेप्सी पुल के पास से किशन निवासी बाबरपुर हाल कोहंड और प्रिंस निवासी शाहनपुर हाल दीनानाथ कॉलोनी को गिरफ्तार किया। उनका तीसरा साथी अगम निवासी बाबरपुर अभी फरार है। आरोपियों ने 90 हजार में सामान बेचा था।
- 13/17 थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में 20 मई की दोपहर दुकान पर बैठी बुजुर्ग महिला कलावती से दो युवक सिगरेट और पानी की बोतल मांगने के बहाने दो तोला सोने की चेन झपटकर ले गए थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार शाम शिमला मौलाना रोड से चंदन निवासी बाबरपुर और कर्ण निवासी शिमला मौलाना को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने 85 हजार में चेन शैंटी सुनार को बेची थी।

20 मई को निजामपुर गांव में बुजुर्ग महिला दुकानदार की चेन झपट कर भागते आरोपी।-फाइल
जेल में मुलाकात के बाद बना गैंग
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की उम्र 22 से 23 साल है। उन्होंने 2024 में छोटी-मोटी चोरी की वारदातों से अपराध की शुरुआत की। अलग-अलग मामलों में जेल जाने के बाद उनकी आपस में जान-पहचान हुई और उन्होंने मिलकर संगठित गैंग बना लिया।
गैंग ने वारदात के लिए बर्फ तोड़ने वाले सुए को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू किया। यह तरीका उन्हें जेल में बंद दूसरे अपराधियों से मिला था। आरोपियों का मानना था कि चाकू रखने पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई हो सकती है और चाकू खरीदने में भी पूछताछ का डर रहता है, जबकि सुआ आसानी से मिल जाता है। वे सुए से पीठ या कमर पर वार कर पीड़ित को डराते थे, ताकि वह बिना ज्यादा विरोध के सोना, नकदी या लैपटॉप सौंप दे।
जेल से मिला लूट का माल बेचने वाले सुनार का संपर्क
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को जेल में ही वधावाराम कॉलोनी के सुनार बाल कृष्ण उर्फ शैंटी निवासी सुभाष कॉलोनी के बारे में पता चला। जेल में बंद बाल कृष्ण के बेटे के जरिए आरोपियों का उससे संपर्क हुआ। पुलिस के अनुसार, बाल कृष्ण लूट और छिनैती का सोना उसकी वास्तविक कीमत के करीब 30% में खरीदता था। वह लूटे गए आभूषणों को गलवाकर उनसे नए जेवर बनवाता और बाजार में बेच देता था।
पुलिस का कहना है कि वह पहले भी कई अपराधियों से चोरी और छिनैती का सामान खरीद चुका था, लेकिन इस मामले में पहली बार गिरफ्तार हुआ है। बाल कृष्ण ने इस गैंग के अलावा मित्तल मैगा मॉल के पीछे एसबीआई बैंक मैनेजर हर्षद कुमार की हत्या और लूट के आरोपियों समेत अन्य गिरोहों से भी चोरी का सोना खरीदा था। इस मामले में उसकी हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत भी खारिज हो चुकी है।

पांचों आरोपियों को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है।
नशे और लग्जरी लाइफ के लिए करते थे वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। उन्हें ब्रांडेड कपड़े और जूते पहनने के साथ लग्जरी लाइफस्टाइल का शौक है। इसी शौक और खान-पान का खर्च पूरा करने के लिए वे राहगीरों और दुकानदारों को निशाना बनाते थे। आरोपी कर्ण के खिलाफ पहले से लूट और चोरी के 5 मुकदमे दर्ज हैं। किशन पर 2 और प्रिंस पर 3 मुकदमे दर्ज हैं। कर्ण करीब एक साल पहले, किशन 8 महीने पहले और प्रिंस करीब एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था।
दो दिन के रिमांड पर आरोपी
DSP विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने चारों मुख्य आरोपियों और लूट का सामान खरीदने वाले सुनार बाल कृष्ण उर्फ शैंटी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सुआ, लूटी गई सोने की चेन, लैपटॉप और बिक्री से मिली नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी। इसके अलावा फरार आरोपी अगम की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।