कैथल में  पशु चिकित्सक के बार-बार फोन से परेशान किसान की शिकायत पर ACB की टीम ने विश्वकर्मा चौक के पास ट्रैप लगाकर डॉक्टर को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों दबोचा। 

Veterinary Surgeon Bribe.

कैथल में पशु चिकित्सक को ACB ने 30 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार।

  • Published: 31 Jul 2026, 10:56 AM IST
  • Last Updated: 31 Jul 2026, 10:56 AM IST

कैथल में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई: हरियाणा के कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पशु चिकित्सक को किसान से ₹30 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ACB अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

डेयरी लोन पास कराने के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार गांव सेंगरी निवासी किसान राममेहर को डेयरी की भैंसों पर बैंक से लोन लेना था। इसके लिए बैंक ने पशुओं का हेल्थ सर्टिफिकेट मांगा, जिस पर पट्टी अफगान में तैनात वेटनरी सर्जन डॉ. अंकुर के हस्ताक्षर जरूरी थे।

किसान का आरोप है कि 15 जुलाई को जब वह हेल्थ सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर कराने डॉक्टर के पास गया तो डॉक्टर ने ₹30 हजार रिश्वत की मांग की। उस समय पैसे नहीं होने पर डॉक्टर ने सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर कर दिए, लेकिन बाद में लगातार रिश्वत की रकम मांगने लगा।

दिन में 10-12 बार करता था फोन
राममेहर के मुताबिक डॉक्टर दिन में 10-12 बार फोन कर पैसे मांगता था। कई बार वह डेयरी पर भी पहुंच जाता था। लगातार दबाव से परेशान होकर किसान ने गुरुवार सुबह एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत कर दी।

विश्वकर्मा चौक पर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। किसान को रिश्वत की रकम लेकर डॉक्टर के पास भेजा गया। उस समय आरोपी डॉक्टर विश्वकर्मा चौक के पास ब्ला-ब्ला कैब से चंडीगढ़ के लिए सवारियां लेकर जा रहा था। जैसे ही वह गाड़ी से उतरकर किसान से रिश्वत लेने लगा, पहले से घात लगाए ACB की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी गाड़ी में तीन यात्री भी मौजूद थे, जिन्हें पूछताछ के बाद जाने दिया गया।

भागने की कोशिश भी की
ACB के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि टीम को देखकर आरोपी डॉक्टर ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे तुरंत काबू कर लिया गया। उसके कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद हुई है।

आरोपी ने मुंह ढकने से किया इनकार
गिरफ्तारी के दौरान मीडिया ने जब आरोपी की फोटो लेनी चाही तो वह हाथ पीछे बांधकर कैमरे के सामने खड़ा हो गया। ACB अधिकारियों ने मुंह ढकने के लिए रुमाल दिया, लेकिन आरोपी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि इसकी कोई जरूरत नहीं है।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
ACB ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि उसने पहले भी इस तरह किसी से रिश्वत ली थी या नहीं। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।