नई दिल्ली: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (CWC) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत असिस्टेंट मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव के कुल 327 पद भरे जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन 17 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गए हैं। योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार 15 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। CWC भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है। ऐसे में यह भर्ती सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए बेहतर अवसर है।
असिस्टेंट मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव के पद
इस भर्ती में असिस्टेंट मैनेजर के 171 और जूनियर एग्जीक्यूटिव के 156 पद शामिल हैं। असिस्टेंट मैनेजर के पद जनरल, टेक्निकल, फाइनेंस और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में हैं। वहीं, जूनियर एग्जीक्यूटिव के लिए जनरल और टेक्निकल पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग है। असिस्टेंट मैनेजर (जनरल) के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन जरूरी है, जबकि टेक्निकल और इंजीनियरिंग पदों के लिए संबंधित क्षेत्र की योग्यता मांगी गई है। जूनियर एग्जीक्यूटिव (जनरल) पद के लिए ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
हर महीने मिलेगी आकर्षक सैलरी
CWC भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार अच्छा वेतन मिलेगा। असिस्टेंट मैनेजर पद के लिए वेतनमान 40,000 रुपये से 1,40,000 रुपये तक निर्धारित है। वहीं, जूनियर एग्जीक्यूटिव पद के लिए वेतनमान 29,000 रुपये से 93,000 रुपये तक है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिल सकती हैं। वहीं, आयु सीमा की बात करें तो अधिकतम आयु 28 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना 15 नवंबर 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
इस भर्ती में चयन प्रक्रिया पद के अनुसार अलग-अलग होगी। असिस्टेंट मैनेजर के लिए ऑनलाइन परीक्षा के बाद इंटरव्यू भी लिया जाएगा। वहीं, जूनियर एग्जीक्यूटिव पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर चयन होगा। उम्मीदवारों को अपनी तैयारी के दौरान संबंधित विषयों के साथ सामान्य ज्ञान, रीजनिंग और अंग्रेजी जैसे विषयों पर भी ध्यान देना चाहिए। परीक्षा का विस्तृत पैटर्न और पाठ्यक्रम आधिकारिक नोटिफिकेशन का अवलोकन कर सकते हैं।
CWC भर्ती के लिए ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार CWC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन पढ़ें और ऑनलाइन आवेदन लिंक खोलें। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और लागू आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फॉर्म जमा करने से पहले सभी विवरण अच्छी तरह जांच लें। आवेदन की अंतिम तारीख 15 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे है। अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन करना बेहतर रहेगा।
इन्हें भी पढ़ें:
- दशहरा पर रसोई का बजट बिगड़ेगा या मिलेगी राहत? घर बैठे जानें 14.2 किलो का भाव कितना है?
- नो एंट्री में कैसे घुसा मौत का ट्रक? चश्मदीद ने बयां किया खौफनाक मंजर, 15 मौतों की दास्तां सुन कांप उठेगी रूह
- ड्रामा क्वीन राखी सावंत संकट में, जाना पड़ सकता है जेल, जानें किस मामले में जारी हुआ है 'गैर-जमानती वारंट'