दौसा में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के आह्वान पर रविवार को जयपुर में राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

.

जिलाध्यक्ष एनआर बालोत ने बताया कि शिक्षक वर्ग के तबादलों में पक्षपातपूर्ण एवं नियमों के विपरीत स्थानांतरण किए गए हैं, जिससे शिक्षकों में आक्रोश है।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की जाएगी और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। संगठन ने इसे कर्मचारी हितों की रक्षा और शिक्षकों की मांगों के समर्थन में आयोजित आंदोलन बताया है।

पावटा में बैंक मैनेजर को ज्ञापन देते ग्रामीण

पावटा में बैंक मैनेजर को ज्ञापन देते ग्रामीण

बैंक कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार के आरोप

जिले की महवा तहसील के पावटा गुर्जर गांव के ग्रामीणों ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के कई कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए ब्रांच मैनेजर को शिकायत पत्र सौंपा है। जिला परिषद सदस्य हरदेव गुर्जर ने आरोप लगाया कि बैंक में आने वाले ग्राहकों के साथ कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है।

समय पर बैंकिंग कार्य नहीं किए जाते, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और शिकायत करने पर धमकाने और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक प्रबंधक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और दोनों का अन्य शाखा में स्थानांतरण करने की मांग की है।

3 साल से फरार हार्डकोर बदमाश गिरफ्तार

जिले के सिकंदरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे हार्डकोर बदमाश जीतू उर्फ जितेंद्र मीणा को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के खिलाफ दौसा सहित प्रदेश के कई जिलों में चोरी, मारपीट, आगजनी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 21 आपराधिक मामलें दर्ज हैं। यह कार्रवाई सिकंदरा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।

मेहंदीपुर बालाजी में पौधरोपण

मेहंदीपुर बालाजी में पौधरोपण

मेहंदीपुर बालाजी में लगाए 301 औषधीय पौधे

मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में मंदिर के 52 बीघा परिसर में 301 औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और औषधीय पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

करतार माल को देवधाम मंदिर का प्रवक्ता बनाया गया है।

करतार माल को देवधाम मंदिर का प्रवक्ता बनाया गया है।

करतार माल बने देवधाम मंदिर ट्रस्ट में प्रवक्ता

गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान देवनारायण देव धाम जोधपुरिया टोंक निवाई मंदिर ट्रस्ट में दौसा जिले के युवा सामाजिक कार्यकर्ता करतार सिंह गुर्जर को मंदिर ट्रस्ट कार्यकारिणी में प्रवक्ता बनाया गया है।

प्रवक्ता बनने पर युवाओं ने बधाई दी। करतार सिंह माल ने बताया कि देवधाम जोधपुरिया में हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश गुर्जर ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करूंगा।

राजवास स्कूल में सरस्वती प्रतिमा स्थापना हुई।

राजवास स्कूल में सरस्वती प्रतिमा स्थापना हुई।

सरकारी स्कूल में मां सरस्वती की प्राण प्रतिष्ठा

सिकन्दरा पंचायत समिति क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजवास के नवीन परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम में कल्याणजी मंदिर से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। शुभ मुहूर्त में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद हवन-यज्ञ आयोजित हुआ।

प्रधानाचार्य विष्णु त्रिवेदी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवीन परिसर में सरस्वती मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा गया था।

पूरे स्टाफ ने इसके लिए प्रति सदस्य न्यूनतम 11 हजार रुपए का सहयोग दिया। महाआरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।