नई दिल्ली: Ultraviolette X-47 Venom Launched: इलेक्ट्रिक बाइक खरीदने वालों के लिए Ultraviolette ने अपनी नई मोटरसाइकिल X-47 Venom लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.65 लाख रुपये रखी गई है। लेकिन यह शुरुआती कीमत केवल पहले 5,000 ग्राहकों के लिए लागू होगी। कंपनी ने इसकी बुकिंग 22 अक्टूबर से शुरू कर दी है। जबकि डिलीवरी नवंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। इस बाइक के साथ कंपनी ने नया VX-100 100V आर्किटेक्चर भी पेश किया है। इसमें बेहतर परफॉर्मेंस, लंबी रेंज और आधुनिक सुरक्षा फीचर्स पर ध्यान दिया गया है।
एक चार्ज में 343 किलोमीटर की रेंज
Ultraviolette X-47 Venom में 11kWh क्षमता वाला SRB-11 बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह बाइक एक बार फुल चार्ज होने पर 343 किलोमीटर तक की IDC रेंज दे सकती है। इसमें 100V तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बैटरी की क्षमता और कूलिंग सिस्टम को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। कंपनी के अनुसार, नई तकनीक से एनर्जी डेंसिटी में 20 प्रतिशत तक सुधार हुआ है और कूलिंग क्षमता दोगुनी हुई है। बैटरी को मजबूत कास्ट-एल्यूमीनियम बॉडी में रखा गया है और इसे IP67 रेटिंग मिली है।
155kmph की टॉप स्पीड और दमदार परफॉर्मेंस
इस इलेक्ट्रिक बाइक में UV LIGHTFURY मोटर दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह करीब 40bhp की पावर और पहिए पर 550Nm टॉर्क देने में सक्षम है। बाइक महज 2.7 सेकंड में 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंचने में इसे 5.9 सेकंड लगते हैं। इसकी अधिकतम रफ्तार 155 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। बाइक का कर्ब वेट 180 किलोग्राम है, जो पिछले प्लेटफॉर्म की तुलना में करीब 20 किलोग्राम कम है।
12kW DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा
X-47 Venom में 1.6kW का ऑनबोर्ड चार्जर मिलता है। इसके अलावा यह 12kW DC फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि इस क्षमता की DC फास्ट चार्जिंग देने वाली यह भारत की पहली इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर है।
रडार, कैमरा और स्मार्ट फीचर्स
इस बाइक में 77GHz रियर रडार वाली UV Hypersense तकनीक दी गई है। इसके जरिए ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, लेन-चेंज असिस्ट, ओवरटेक अलर्ट और पीछे से टक्कर की चेतावनी जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा बाइक में 7 इंच की TFT टचस्क्रीन, फ्रंट और रियर कैमरा, क्रूज कंट्रोल, नेविगेशन और पार्क असिस्ट भी दिया गया है।
नए VX-100 प्लेटफॉर्म पर तैयार हुई बाइक
Ultraviolette X-47 Venom कंपनी के नए VX-100 मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर आधारित है। कंपनी भविष्य में इसी तकनीक का इस्तेमाल करके अलग-अलग बैटरी क्षमता और पावर वाले इलेक्ट्रिक मॉडल तैयार कर सकती है। कंपनी इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पेश करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत बाइक को नवंबर 2026 में इटली के मिलान में होने वाले EICMA 2026 मोटरसाइकिल शो में प्रदर्शित किए जाने की योजना है।
इन्हें भी पढ़ें:
- दिवाली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, इस तारीख को बैंक खातों में आएगी किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, जानें
- लखनऊ में साधना श्रृंखला-2026 की 2 दिवसीय तीसरी क्षेत्रीय कार्यशाला, 8 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
- नियमितीकरण का इंतजार कर रहे आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए आया बड़ा अपडेट, दिवाली के पहले मिल सकती है खुशखबरी