
भारत में घर खरीदने वालों की पसंद बदल रही है
भारत में घर खरीदने वालों की पसंद तेजी से बदल रही है. अब खरीदार सिर्फ घर की कीमत नहीं देख रहे, बल्कि ज्यादा जगह, बेहतर सुविधाएं और भविष्य में घर की वैल्यू को भी ध्यान में रख रहे हैं. 2026 की एक सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक करीब 48 फीसदी संभावित खरीदार 3BHK घर पसंद कर रहे हैं. वहीं ₹90 लाख से ₹1.5 करोड़ का बजट सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है.
3BHK बना सबसे पसंदीदा घर
सर्वे के मुताबिक 48 फीसदी लोगों ने 3BHK को अपनी पसंद बताया. इसके बाद 38 फीसदी खरीदार 2BHK घर लेना चाहते हैं. वहीं 4BHK या उससे बड़े घरों की मांग भी बढ़ी है. ऐसे घरों को पसंद करने वालों की हिस्सेदारी करीब 5 फीसदी पहुंच गई है, जो दो साल पहले लगभग 3 फीसदी थी.
शहरों के हिसाब से भी घर के आकार की पसंद अलग-अलग है. अहमदाबाद में 57 फीसदी खरीदार 3BHK पसंद करते हैं. चेन्नई और दिल्ली-NCR में यह आंकड़ा 53 फीसदी और हैदराबाद में 52 फीसदी है. इसके मुकाबले मुंबई-MMR में 3BHK की पसंद करीब 39 फीसदी रही.
₹90 लाख से ₹1.5 करोड़ सबसे पसंदीदा बजट
घर खरीदने वालों का बजट भी ऊपर जा रहा है. सर्वे में 34 फीसदी लोगों ने ₹90 लाख से ₹1.5 करोड़ के बीच कीमत वाले घरों को अपनी पसंद बताया. वहीं ₹1.5 करोड़ से ज्यादा कीमत वाले घरों को पसंद करने वालों की हिस्सेदारी 27 फीसदी रही.
इसके उलट ₹45 लाख से कम कीमत वाले घरों की मांग में कमी आई है. 2022 में इस बजट को 28 फीसदी खरीदार पसंद कर रहे थे, जो अब घटकर 18 फीसदी रह गया है. इसका मतलब है कि खरीदार ज्यादा कीमत देकर बड़े और बेहतर घर लेने के लिए तैयार हैं.
नई प्रॉपर्टी खरीदने में भी बदलाव
खरीदार अब निर्माण शुरू होने के शुरुआती चरण में प्रॉपर्टी लेने से भी ज्यादा परहेज नहीं कर रहे हैं. 2026 में 34 फीसदी खरीदारों ने नई लॉन्च हुई प्रॉपर्टी को प्राथमिकता दी, जबकि रेडी-टू-मूव घरों को पसंद करने वालों की हिस्सेदारी 18 फीसदी रही.
ऐसे में बिल्डर की विश्वसनीयता भी महत्वपूर्ण हो गई है. खरीदार प्रोजेक्ट चुनने से पहले डेवलपर की प्रतिष्ठा, पुराने प्रोजेक्ट समय पर पूरे करने का रिकॉर्ड और ग्राहकों की प्रतिक्रिया जैसी चीजों को देख रहे हैं.
कीमत बढ़ने की चिंता के बावजूद खरीदारी की योजना
घर की बढ़ती कीमतों को लेकर खरीदार चिंतित भी हैं. सर्वे में 65 फीसदी लोगों ने बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता जताई. इसके बावजूद 44 फीसदी खरीदार अपनी खरीदारी की योजना के मुताबिक आगे बढ़ना चाहते हैं. कुछ लोग महंगे बाजार से बचने के लिए किराये पर रहने या शहर के बाहरी इलाकों में घर खरीदने का विकल्प देख रहे हैं.
घर अब सिर्फ रहने की जगह नहीं
सर्वे से यह भी पता चलता है कि खरीदार घर को लंबे समय के एसेट के तौर पर देख रहे हैं. करीब 67 फीसदी खरीदारों के लिए घर की भविष्य की रीसेल वैल्यू महत्वपूर्ण है. वहीं किराये से होने वाली संभावित कमाई को भी बड़ी संख्या में खरीदार ध्यान में रख रहे हैं.
यानी 2026 में भारतीय होमबायर की पसंद सिर्फ बड़ा घर खरीदने तक सीमित नहीं है. खरीदार अब स्पेस, लोकेशन, डेवलपर की विश्वसनीयता, कीमत और भविष्य की वैल्यू को एक साथ देखकर फैसला कर रहे हैं.

कन्हैया पचौरी
कन्हैया पचौरी एक अनुभवी पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट, टीवी और ऑनलाइन मीडिया में 10 वर्षों का अनुभव है. उन्होंने प्रिंट पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने टेक और ऑटो सेक्शन को कवर कर रहे हैं. वह टेक्नोलॉजी पर बारीकी से रिसर्च करते है और लेटेस्ट ट्रेंड्स और डेवलपमेंट्स पर नजर रखते हैं. वर्तमान में, कन्हैया टीवी9 के साथ जुड़े हुए हैं, यहां ये टेक और ऑटो सेक्शन कवर कर रहे हैं. उन्होंने इंडस्ट्री में लेटेस्ट डेवलपमेंट के गहन कवरेज करने को लेकर अपना नाम बनाया है. यूजर्स को किसी भी न्यूज की पूरी और सही जानकारी देने में तत्पर हैं. जब वह टेक्नोलॉजी पर काम नहीं कर रहे होते हैं तो अपने शौक पूरे करने में उन्हें अच्छा लगता है. उन्हें म्यूजिक सुनना और किताबें पढ़ना पसंद है. उनका मानना है कि काम में व्यस्त दिन के बाद म्यूजिक और किताबें आराम करने का एक शानदार तरीका है.
Read More