Latur Road Accident: महाराष्ट्र के लातूर जिले में औसा-लातूर रोड पर पेठ के पास सोमवार को चार वाहनों की भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) बस में सवार करीब 15 से 20 यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए विलासराव देशमुख शासकीय मेडिकल कॉलेज, लातूर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की मदद की.

जानकारी के अनुसार, स्कूल बसें छात्रों को लेने के लिए सड़क के किनारे कथित तौर पर रॉन्ग साइड पर खड़ी थीं. इसी दौरान निलंगा की ओर जा रही एसटी बस वहां पहुंची और स्कूल बसों से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसके बाद अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए और चार वाहनों की भिड़ंत हो गई.

आपस में टकराए वाहन

राहत की बात यह रही कि हादसे के समय स्कूल बसों में कोई छात्र मौजूद नहीं था. यदि बसों में बच्चे सवार होते, तो यह दुर्घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी. स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और तुरंत एम्बुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के लिए एसटी बस चालक जिम्मेदार नहीं था, बल्कि सड़क पर गलत दिशा में खड़ी स्कूल बसों के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी पक्ष की लापरवाही की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर लगाया जाएगा.

पुलिस ने लोगों से की अपील

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू कर दिया है, जिससे यातायात सामान्य हो सके. साथ ही दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन निर्धारित स्थान व सही दिशा में ही खड़े करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके. हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button