नालंदा के हिलसा रेलवे स्टेशन पर फतुहा-नटेसर जा रही मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतरे। मगध एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित। राहत कार्य जारी।

Nalanda train accident

नालंदा के हिलसा रेलवे स्टेशन पर फतुहा-नटेसर जा रही मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतरे।

  • Published: 13 Jul 2026, 02:02 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 02:02 PM IST

Nalanda train accident: बिहार के नालंदा जिले में सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। फतुहा से नटेसर जा रही एक खाली मालगाड़ी के चार डिब्बे अचानक हिलसा रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतर गए। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

कैसे हुआ हादसा?
घटना उस समय हुई जब खाली मालगाड़ी हिलसा रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर रही थी। ट्रेन की गति लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। अचानक हुए इस हादसे से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। स्टेशन प्रबंधन ने तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाला।

बिहार के नालंदा में मालगाड़ी की 4 बोगियां बेपटरी, रेल परिचालन प्रभावित।

नालंदा के हिलसा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा रेल हादसा टल गया।

फतुहा से नटेसर जा रही खाली मालगाड़ी की 4 बोगियां स्टेशन में प्रवेश के दौरान पटरी से उतर गईं।

घटना के बाद रेल परिचालन प्रभावित हो गया, जबकि… pic.twitter.com/NQzZe9ffQu

— Harsh Vardhan (@imharshvdhan) July 13, 2026

कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
इस दुर्घटना के कारण रेलखंड पर परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है। इस हादसे से दिल्ली से इस्लामपुर आने वाली मगध एक्सप्रेस, पटना-इस्लामपुर पैसेंजर (लोकल) और इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। पटना से राहत एवं बचाव दल को भी घटनास्थल पर भेज दिया गया है।

सड़क यातायात पर भी दिखा असर
मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण रेलवे ट्रैक पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इसका असर सड़क यातायात पर भी देखने को मिला, जिससे हिलसा–चिकसौरा मार्ग और आसपास के कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जाम की वजह से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए कई वाहन चालकों और यात्रियों ने वैकल्पिक बाईपास रास्तों का रुख किया।

तकनीकी जांच के बाद होगा कारणों का खुलासा
मौके पर मौजूद टीआई कुंदन कुमार ने बताया कि फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। मालगाड़ी किन परिस्थितियों में बेपटरी हुई, इसका खुलासा तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। रेलवे की प्राथमिकता अभी ट्रैक को दुरुस्त करने की है ताकि यात्रियों की असुविधा को कम किया जा सके।