महाराष्ट्र: 4 साल तक दुकान में काम किया, फिर 4 किलो सोना चुराकर फरार; दो अरेस्ट

पुलिस ने दो लोगों को किया अरेस्ट

Shagun Jewellers Gold Theft: महाराष्ट्र के मुम्बई से सटे मीरा-भाईंदर में ज्वेलर्स की दुकान से करीब 4 किलो 300 ग्राम सोना चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने हिमाचल से दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसी ज्वेलरी शॉप में करीब चार साल से कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दुकान में काम करने के दौरान चोरी की पूरी योजना तैयार की और मौका मिलते ही करीब 4 किलो 300 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शगुन ज्वेलर्स से बड़ी मात्रा में सोना चोरी किया और वारदात के बाद हिमाचल भाग गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. टीम ने दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा आरोपी के संभावित रूट पर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली.

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सुराग

पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने के लिए 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालनी पड़ी. पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार रेकी की और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी. तकनीकी जांच से मिली जानकारी को सीसीटीवी फुटेज से मिलाया गया. कई जगहों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस हिमाचल तक पहुंची और वहां कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

इस पूरे मामले की जानकारी डीसीपी राहुल चौहान ने दी. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान वारदात में कुल चार आरोपियों की भूमिका सामने आई है. इनमें से दो प्रमुख आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश चौहान नाम का आरोपी पिछले करीब चार वर्षों से शगुन गोल्ड में काम कर रहा था. आरोप है कि दिनेश ने हिमाचल के अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची. वारदात वाले दिन दोपहर के समय दुकान का मालिक खाना खाने के लिए घर गया था. इसी दौरान दिनेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान से सोना चोरी किया और फरार हो गए.

80 फीसदी चोरी का माल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोना, करीब 5 लाख रुपये नकद और एक बलेनो कार बरामद की है. पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए कुल माल में से करीब 80 प्रतिशत मुद्देमाल बरामद करने में सफलता मिली है.

अन्य आरोपियों और मददगारों की तलाश

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और वारदात के बाद चोरी किए गए सोने को कहां और किसके जरिए ठिकाने लगाने की योजना थी. पुलिस फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है. साथ ही चोरी के माल की बरामदगी और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच जारी है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button