.
जिला पंचायत वार्ड क्रमांक-3 का उपचुनाव उस सीट की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद हुआ, जिसका विवाद 2022 के पंचायत चुनाव से चला आ रहा था। मतगणना में पूजा राकेश चौकसे ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई और पहले तीन राउंड में 3,610 वोट की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। चौथे और पांचवें राउंड में अंतर कुछ कम हुआ, जबकि छठे और अंतिम राउंड में लक्ष्मण सिंह लोधी 179 वोट से आगे रहे। बावजूद इसके शुरुआती बढ़त इतनी बड़ी थी कि अंतिम राउंड का परिणाम पलट नहीं सका। पूजा चौकसे ने कुल 11,613 वोट हासिल कर 4,409 वोट से जीत दर्ज की। लोधी को 7,204 वोट मिले, जबकि नोटा में 295 मत पड़े।
आखिरी राउंड में लोधी की बढ़त, लेकिन अंतर बहुत बड़ा था : छठे राउंड में केंद्र क्रमांक 215 से 228 तक की गणना में लक्ष्मण लोधी को 1,867 और पूजा को 1,688 वोट मिले। लोधी इस राउंड में 179 वोट से आगे रहे। हालांकि तब तक पूजा की कुल बढ़त इतनी बड़ी हो चुकी थी कि अंतिम राउंड की बढ़त भी नतीजा नहीं बदल सकी।
2022 के चुनाव से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था मामला 2022 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वार्ड-3 से राजेंद्र बघेल निर्वाचित हुए थे। उनके गड़रिया जाति प्रमाण पत्र को लेकर निर्वाचन को चुनौती दी गई। मामला एसडीएम कोर्ट से कमिश्नर कोर्ट, हाईकोर्ट और डबल बेंच होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। इसके बाद सीट रिक्त घोषित की गई और निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कराया। इस चुनाव में पूजा चौकसे ने दोबारा जनता के बीच पहुंचकर चुनाव लड़ा और बहुमत से जीत हासिल की। पिछले चुनाव में राजेंद्र बघेल को 8909 वोट और पूजा चौकसे को 8831 वोट मिले थे। जबकि लक्ष्मण लोधी को 3241 मत प्राप्त हुए थे। पिछले चुनाव में राजेंद्र बघेल 78 वोटों से विजय हुए थे। लक्ष्मण लोधी की पिछली बार जमानत जब्त हुई थी।
यह न्याय की लड़ाई थी,जनता के समर्थन से सत्य की जीत यह न्याय की लड़ाई थी, जो मैंने लड़ी। मैं राजनीतिक नहीं थी, फिर भी पूरी शिद्दत के साथ चुनाव लड़ा, जिसमें जनता का भरपूर समर्थन मिला। गलत जाति प्रमाण पत्र को लेकर एसडीएम कोर्ट से लेकर कमिश्नर कोर्ट, हाईकोर्ट, डबल बेंच और फिर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई चली। वहां जीत मिली। अब उपचुनाव में जनता ने आशीर्वाद देकर मुझे चुना है। मैं जनता के भरोसे को कायम रखने के साथ लोगों की मानसिकता में बदलाव लाने का प्रयास करूंगी। जाति-पांति के बंधन और रूढ़िवादी कुरीतियों को दूर करूंगी। - पूजा राकेश चौकसे, निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, रायसेन