मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे। इस बार 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 महिलाओं के खातों में 1,835 करोड़ रुपए से अधिक पहुंचेंगे। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से प्रदेश भर में सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा।

Ladli Behna Yojana, Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे।

  • Published: 12 Sep 2026, 07:05 PM IST
  • Last Updated: 12 Sep 2026, 07:05 PM IST

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता सीधे भेजी जाएगी।

सितंबर की किस्त के साथ योजना की शुरुआत से अब तक महिलाओं के खातों में नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपए हो जाएगी। मुख्यमंत्री आगर मालवा में 225.95 करोड़ रुपए के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28.14 करोड़ रुपए के 17 कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे।

1,000 से शुरू हुई सहायता अब 1,500 रुपए प्रतिमाह

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 से इसमें 250 रुपए की बढ़ोतरी कर राशि 1,250 रुपए प्रतिमाह की गई। इसके बाद नवंबर 2025 से एक बार फिर 250 रुपए की वृद्धि हुई और वर्तमान में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह मिल रहे हैं।

योजना के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ऐसी पात्र महिलाओं को भी लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से 900 रुपए प्रतिमाह मिलते हैं। उन्हें अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।

जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर में 40वीं किस्त दी जाएगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में 250 रुपए की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी।

अब तक 65 हजार करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर

सरकारी जानकारी के अनुसार जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना में 63,560.90 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। सितंबर की किस्त के बाद यह राशि 65,395.99 करोड़ रुपए हो जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को आने वाले जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और सेवा को सामाजिक एवं राजनीतिक संस्कार के रूप में आगे बढ़ाने के संकल्प से जुड़ा है। सरकार के अनुसार 17 सितंबर को उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश में 58 लाख आशीर्वाद के दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखा गया है। सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट जैसी पहलों का उल्लेख किया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार इन पहलों के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाड़ली बहना, लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए मध्यप्रदेश सरकार विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में काम कर रही है।

मध्यप्रदेश में निवेश और विकास कार्यों का भी जिक्र

यहां मध्यप्रदेश में निवेश, रोजगार, सिंचाई, एयरपोर्ट, मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया गया है। सरकार के अनुसार प्रदेश में अब तक करीब 34 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 15 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, किसानों की आय और सुविधाओं को बढ़ाने, सिंचाई क्षमता के विस्तार तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है।

सरकार के अनुसार प्रदेश में रीवा, दतिया और सतना एयरपोर्ट के लोकार्पण के बाद एयरपोर्ट की संख्या आठ हो गई है। वहीं, केन-बेतवा लिंक और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजनाओं को भी प्रदेश के विकास और सिंचाई विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए मध्यप्रदेश सरकार सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ विकसित मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।