Khandwa News: कानून के हाथ लंबे होते हैं और गुनाहगार चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, एक न एक दिन सलाखों के पीछे पहुंच ही जाता है. मध्य प्रदेश के मोघट रोड थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां जवानी के दिनों में युवती से छेड़छाड़ करने वाला एक आरोपी करीब 40 साल बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है. गिरफ्तारी के समय आरोपी की उम्र 64 वर्ष हो चुकी है. 40 साल तक पुलिस और अदालत की आंखों में धूल झोंकने वाला यह आरोपी अब जेल की हवा खा रहा है.
मोघट रोड पुलिस के अनुसार, वर्ष 1986 में संजय नगर निवासी अशोक कुमार पिता पॉपसिंग उर्फ पप्पू के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था. उस समय अशोक की उम्र महज 24 वर्ष थी. पुलिस ने तब उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई थी. लेकिन जमानत मिलने के बाद अशोक अदालत में होने वाली किसी भी पेशी पर उपस्थित नहीं हुआ और लगातार फरार रहा. अदालत ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी कर दिया था, जिसके बाद से ही मोघट रोड पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
बदल चुका था चेहरा और हुलिया, गन्ने की चरखी से हुआ गिरफ्तार
40 वर्षों के लंबे अंतराल में आरोपी अशोक का चेहरा और शारीरिक हुलिया पूरी तरह बदल चुका था. पुलिस जब उसके पुराने ठिकानों (जलेबी चौक स्थित कटिंग की दुकान और संजय नगर स्थित मकान) पर पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला. इसी दौरान टीआई विकास खिंची और हेड कांस्टेबल रफीक खान को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि 64 वर्षीय अशोक बस स्टैंड के पास संचालित गन्ने की चरखी की दुकान में रह रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे दबोच लिया.
ये भी पढ़ें: सड़क किनारे बसी जिंदगी, चौराहे पर बंधा परिणय सूत्र अमरावती में पारधी समाज की अनोखी शादी का Video वायरल
पूछताछ में बोला- भूलने की बीमारी है, याद नहीं किस लड़की को छेड़ा था
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे 40 साल पुराने छेड़छाड़ के मामले के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उसे इतना पुराना मामला याद ही नहीं है. उसने कहा कि उसे यह भी याद नहीं आ रहा कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी. पुलिस के मुताबिक, उम्र बढ़ने के कारण आरोपी को भूलने की समस्या भी है. फिलहाल, पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

प्रतीक मिश्रा
पत्रकारिता के तीनों आयाम प्रिंट, टीवी और डिजिटल में काम करने का अनुभव. पेशेवर वकील से पत्रकार होकर विगत 10 वर्षों से यात्रा जारी है. माखनलाल चतुर्वेदी की कर्मस्थली खंडवा में जन्म और वहीं से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. अब TV9 भारतवर्ष के लिए सेवाएं जारीं.
Read More