
42 साल बाद पकड़ा गया हत्यारा.
चार दशक तक कानून को चकमा देने वाला आरोपी आखिरकार दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गया. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 1984 के जनकपुरी हत्याकांड के फरार आरोपी को 42 साल बाद गिरफ्तार किया है. 22 और 23 मई 1984 की रात को पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी डिस्ट्रिक्ट पार्क से एक शव मिला था, जिस पर चाकू के कई निशान थे. मृतक की पहचान अशोक कुमार, निवासी जिला सीतापुर, यूपी के रूप में हुई.
जनकपुरी थाने में FIR नंबर 252/1984, धारा 302 IPC के तहत केस दर्ज हुआ था. जांच में सीतापुर निवासी भभूति प्रसाद का नाम सामने आया, उसे गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया था. लेकिन उसका साथी नत्थू उर्फ नत्थूलाल फरार हो गया.
क्राइम ब्रांच लिए चुनौती बना केस
क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज ने इस पुराने केस को चुनौती के तौर पर लिया. टीम ने महीनों तक पुरानी फाइलें खंगाली, फिर यूपी के सीतापुर और हरदोई जिलों में डेरा डाला. हरदोई में पता चला कि आरोपी जिंदा है और कभी-कभी अपने गांव आता है. 18 अगस्त 2026 को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी गांव में देखा गया है. टीम ने घेराबंदी कर नत्थू उर्फ नत्थूलाल (65), निवासी हरदोई, यूपी को उस वक्त दबोच लिया जब वह गांव से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा था.
क्या था मामला?
जांच में सामने आया कि नत्थू और भभूति प्रसाद दोस्त थे, जबकि मृतक अशोक कुमार और भभूति एक ही गांव के थे. आरोप है कि मृतक ने भभूति की पत्नी पर बुरी नीयत डाली थी, जिसको लेकर झगड़ा हुआ था. घटना की रात पार्क में शराब पीने के बाद दोनों ने मिलकर अशोक की हत्या कर दी थी.
आरोपी पर पहले भी एक मामला दर्ज
इतने सालों तक आरोपी यूपी की अलग-अलग थोक सब्जी मंडियों में काम करता रहा, लो प्रोफाइल बनाकर रहा. उसने कभी शादी नहीं की और अकेला रहता था. आरोपी पर पहले भी एक मामला दर्ज है – FIR नंबर 1790/2005, धारा 364 IPC, थाना कोतवाली, फर्रुखाबाद, यूपी. फिलहाल क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुनीत कुमार शर्मा
स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट ( क्राइम ) और लेखक। 11 साल से बदस्तूर जारी पत्रकारिता की शुरुआत 2010 में आजतक से बतौर क्राइम रिपोर्टर। 2015 से दिल्ली आजतक में एंकर की ज़िम्मेदारी भी निभाई। 11 साल लगातार आजतक में रिपोर्टिंग करने के बाद फिलहाल स्पेशल कॉरेसपॉंडेंट के तौर पर टी वी9 भारतवर्ष में सफ़र जारी। इसके अलावा " अनचाही रिपोर्टिंग, अनचाहा " सफ़र नाम की किताब लिखी.
Read More