भोपाल18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भोपाल में नए एलपीजी गैस कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। फरवरी से नए कनेक्शन देने की प्रक्रिया बंद होने के कारण शहर की 46 गैस एजेंसियों पर हर महीने मिलने वाले करीब 2 हजार नए कनेक्शन रुक गए हैं।
पिछले 5 महीने में 6 हजार से ज्यादा लोग नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। जरूरतमंद उपभोक्ताओं को मजबूरी में 2000 से 2500 रुपए तक में सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
पिछले साल तक भोपाल की गैस एजेंसियों से हर महीने बड़ी संख्या में नए कनेक्शन जारी होते थे। इनमें नए घरों में शिफ्ट होने वाले परिवार, किराए के मकानों में रहने वाले लोग, दूसरे शहरों से भोपाल आने वाले कर्मचारी और परिवार में बंटवारे के बाद अलग कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ता शामिल थे। अब पोर्टल बंद होने से ऐसे परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
कनेक्शन कब मिलेगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती
- तीन गैस कंपनियां भोपाल में 5 लाख से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन हैं
- 12 से 15 हजार सिलेंडरों की सप्लाई रोज होती है
नया घर बनाया, लेकिन गैस कनेक्शन नहीं मिला
कोलार निवासी अजीत सिंह ने बताया कि पहले वे भाई के साथ एक ही घर में रहते थे। अब उन्होंने अपना मकान बना लिया है, लेकिन नया गैस कनेक्शन नहीं मिल रहा। मजबूरी में वे दूसरे इंतजाम से काम चला रहे हैं और महंगे दाम पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
भेल निवासी रोहन कुमार ने बताया कि वे नए कनेक्शन के लिए कई बार गैस एजेंसी जा चुके हैं। वहां से सिर्फ यही जानकारी मिलती है कि सिस्टम में सुविधा शुरू नहीं हुई है। कनेक्शन कब मिलेगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।
एजेंसियों पर रोज पहुंच रहे 5-6 लोग- आरके गैस एजेंसी के संचालक आरके गुप्ता ने बताया कि रोजाना 5 से 6 लोग नए कनेक्शन की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। सिस्टम में नए कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो दूसरे शहरों से भोपाल आ रहे हैं।
कई जगह पीएनजी सुविधा नहीं होने से उन्हें एलपीजी कनेक्शन की जरूरत पड़ रही है। परिवारों के अलग होने के बाद नया कनेक्शन चाहने वाले और किराए के मकानों में रहने वाले लोग भी प्रभावित हैं।
तीन महीने में 1100 से ज्यादा सिलेंडर जब्त नए कनेक्शन बंद होने के बीच सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले भी सामने आए हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने पिछले तीन महीने में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 1100 सिलेंडर जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार कुछ मामलों में सिलेंडर 2000 से 2500 रुपए तक में बेचे जा रहे थे।
जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि कालाबाजारी, तय व्यवस्था के विपरीत सिलेंडर वितरण और उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है। नए कनेक्शन कब शुरू होंगे, इसका निर्णय गैस कंपनियों को लेना है। बता दें कि भोपाल में तीनों गैस कंपनियों के मिलाकर 5 लाख से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन हैं। वर्तमान में शहर में रोजाना करीब 12 से 15 हजार सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है।
.