आज गाजियाबाद में नो पेपर डे हैं। ऐसे में 1 दिन पहले आपके शहर में क्या-कुछ हुआ है, सभी बड़े अपडेट आप नीचे पढ़ सकते हैं-
.
1- तीन मंजिला फ्लैट में लगी आग: घरेलू सामान जला, दमकल की 2 गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 की DLF कॉलोनी में शनिवार शाम करीब 7 बजे तीन मंजिला मकान के ऊपरी तल पर बने फ्लैट में आग लग गई। सूचना पर साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं। एक कमरे से तेज धुआं निकलने के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों और मकान के सामने से पाइप पहुंचाकर आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि आग आसपास के फ्लैटों तक नहीं फैली। हादसे के वक्त फ्लैट मालिक पूनम गुप्ता और उनके पति घर पर नहीं थे। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है। पढ़ें पूरी खबर...
2- स्वतंत्रता दिवस पर 400 महिला पुलिसकर्मी हाथों में तिंरगा लेकर स्कूटी से निकलीं, इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह को राष्ट्रपति पदक

गाजियाबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मिशन शक्ति टीम की करीब 400 महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूटी पर तिरंगा लेकर रैली निकाली। हेलमेट पहने महिला जवानों की रैली की अगुवाई एसीपी सुचिता सिंह ने की। शहर में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर महिला पुलिसकर्मियों का स्वागत किया। वहीं पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने ध्वजारोहण किया। समारोह में इंस्पेक्टर विजयनगर धर्मपाल सिंह को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। गाजियाबाद में कुल 37 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान मिला। पढ़ें पूरी खबर...
3- गोली लगने पर गिड़गिड़ाए बदमाश- अब नहीं आऊंगा साहब, चेन स्नेचिंग करते थे

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बाइक सवार संदिग्धों ने रुकने के बजाय भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में करण उर्फ कान्हा और शाहरुख के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों दिल्ली-एनसीआर में चेन स्नैचिंग की वारदातों में शामिल रहे हैं। मौके से दो तमंचे, कारतूस, खोखे, पीली धातु का टुकड़ा और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
4- नाबालिग छात्रा से रेप, वीडियो बनाने वाली बहन अरेस्ट, छुट्टियों में अपनी बहन के घर गई थी छात्रा

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी की 19 वर्षीय पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया था। पुलिस ने संबंधित मोबाइल भी बरामद किया है। छात्रा की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जांच के बाद मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में आरोपी की पत्नी ने घटना के दौरान वीडियो बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...
5- ईंट से वार कर की थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, बाइक और ईंट बरामद, कूड़े के ढेर में मिला था अज्ञात शव

गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में कूड़े के ढेर के पास मिले युवक के शव की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल बाइक और ईंट बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की रात नशे की हालत में युवक से कहासुनी के बाद आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट से हमला किया और घायल हालत में उसे कूड़े के ढेर में धकेल दिया। 8 अगस्त को शव मिला था, जिसकी पहचान 12 अगस्त को परिजनों ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर छोड़ने की तैयारी में थे। तीनों से पूछताछ जारी है। पढ़ें पूरी खबर…