
जेलर 2 ने बनाया एक और रिकॉर्ड
Jailer 2 Hindi Collection Record: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 ने कमाल का प्रदर्शन किया है और 11 दिन में ही इसने 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा दुनियाभर में पार कर लिया है. फिल्म ने भारत में तो अच्छी कमाई की ही है साथ ही विदेश में भी इसने ताबड़तोड़ कलेक्शन कर के दिखाया है. जेलर 2 ने साउथ से सबसे ज्यादा कमाई की है. लेकिन इसके अलावा हिंदी में भी फिल्म ने अब रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है. इस फिल्म ने रजनीकांत की ही कुली मूवी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. तमिल फिल्म इंडस्ट्री में रजनीकांत का बॉक्स ऑफिस पर अलग ही जलवा है.
हिंदी में डब हुईं तमिल फिल्मों में से टॉप 5 फिल्मों की अगर बात करें तो उसमें से रजनीकांत की 4 फिल्में हैं. इसी से पता चलता है कि हिंदी ऑडियंस के बीच रजनीकांत का कितना तगड़ा क्रेज है. आइए जानते हैं कि हिंदी में डब हुईं टॉप 5 तमिल फिल्में कौन सी हैं.
टॉप 5 हिंदी डब तमिल फिल्में
इस लिस्ट में सबसे पहला नंबर 2.0 फिल्म का आता है. इस फिल्म में अक्षय कुमार लीड विलेन के रोल में थे. फिल्म को काफी पसंद किया गया था. हिंदी में भी रोबोट के इस सीक्वल ने जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल की थी. फिल्म ने ऐसी रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी कि इतने सालों बाद भी इस फिल्म का रिकॉर्ड कोई तोड़ नहीं सका है. फिल्म ने हिंदी में 186 करोड़ रुपये की आसाधारण कमाई की थी और कोई भी फिल्म अब तक इसके आस-पास भी नहीं भटक पाई है. दूसरे नंबर पर अब रजनीकांत की ही जेलर 2 फिल्म का नाम आ गया है. इसने 34 करोड़ रुपये हिंदी से कमा लिए हैं हालांकि अभी इस फिल्म की कमाई जारी है.
ये भी पढ़ें- Box Office: दूसरे वीकेंड में 3 करोड़ भी नहीं कमा सकी नई नवेली, फ्लॉप की कगार पर यामी गौतम की फिल्म?
टॉप 10 में रजनीकांत की 5 फिल्में
तीसरे नंबर पर साल 2025 में आई रजनीकांत की फिल्म कुली का नाम शामिल है. इस फिल्म ने हिंदी में 33 करोड़ रुपये की कमाई की थी. चौथा नंबर थलपति विजय की फिल्म लियो का आता है. हिंदी में इस फिल्म ने 28.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं पांचवा नंबर रजनीकांत की ही फिल्म काबाली का आता है. इस फिल्म ने 23.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी. अगर हिंदी में डब तमिल की टॉप 10 फिल्मों का भी जिक्र करें तो इसमें 5 फिल्में रजनीकांत की हैं और 3 फिल्में थलपति विजय की हैं. वहीं 2 फिल्में ऐश्वर्या राय बच्चन और विक्रम की हैं.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.
Read More