आज सहारनपुर में नो पेपर डे हैं। ऐसे में 1 दिन पहले आपके शहर में क्या-कुछ हुआ है, सभी बड़े अपडेट आप नीचे पढ़ सकते हैं-
.
1- ITBP के DIG की मौत, मसूरी से ट्रेनिंग करके लौट रहे थे; स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई; ड्राइवर की भी जान गई

सहारनपुर में शनिवार को हुए सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी की मौत हो गई। डीआईजी परमिंदर सिंह (48) उत्तराखंड के मसूरी में ट्रेनिंग खत्म कर हरियाणा के अंबाला जा रहे थे। कार उनका ड्राइवर रवि शंकर (35) चला रहा था। उसकी भी मौत हो गई। जबकि पटियाला का रहने वाला उनका गनर जयराम (36) गंभीर रूप से घायल है। सुबह करीब 9 बजे देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा के पास डीआईजी की स्कॉर्पियो बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और उछलकर दूसरी लेन में चली गई। पढ़ें पूरी खबर...
2- सड़क किनारे मिला सेल्समैन का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, सीडकी-लाखनोर मार्ग किया जाम

सहारनपुर में शनिवार सुबह करीब 6 बजे सीडकी-लाखनोर मार्ग पर शराब के ठेके के सेल्समैन 35 वर्षीय लोकेश का शव मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान और मुंह से खून निकलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, मृतक शुक्रवार रात ठेका बंद कर घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। शनिवार सुबह उसका शव बादशाहपुर के निकट गन्ना प्लांट के पास मिला। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जिसे पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोल दिया गया। पढ़ें पूरी खबर...
3- कहासुनी के बाद युवक का सिर मुंडवाया, चार युवकों पर मारपीट करने का आरोप, FIR दर्ज

सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में कहासुनी के बाद चार युवकों पर एक युवक से मारपीट कर उसके बाल, मूंछ और चोटी काटने का आरोप लगा है। पीड़ित सुशील कुमार शर्मा के मुताबिक 29 जुलाई की रात नरेश, विजयपाल, लविश और बाबू ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद जबरन सिर के बाल मुंडवाने के साथ मूंछ और चोटी काट दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...
4- सहारनपुर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

सहारनपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को सरकारी कार्यालयों, पुलिस लाइन, स्कूल-कॉलेजों और संस्थानों में देशभक्ति का माहौल रहा। मंडल आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम अरविंद चौहान और एसपी अभिनंदन सिंह ने अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों को नमन कर देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। स्कूलों में बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली और देशभक्ति गीत, भाषण व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न सरकारी संस्थानों में भी तिरंगा फहराया गया। पढ़ें पूरी खबर...
5- 30 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी भरभराकर गिरी, ईंट निकालते समय चाचा-भतीजा दबे; चाचा की मौत

सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र के चिराऊ गांव में शनिवार को करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी का ढेर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। ईंट निकाल रहे राजेंद्र और उनके 12 वर्षीय भतीजे गौरव मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद राजेंद्र को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं गौरव को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मिट्टी लगातार खिसकने से बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है। पढ़ें पूरी खबर…