फिल्ममेकर सुभाष घई इस साल भारतीय सिनेमा में अपने 50 साल पूरे कर रहे हैं. इस खास मौके पर उन्होंने श्रेयस तलपड़े की आने वाली फिल्म मन्या का नया पोस्टर जारी किया है. यह पोस्टर 24 अक्टूबर को सुभाष घई के प्रोडक्शन हाउस मुक्ता आर्ट्स की 48वीं सालगिरह के मौके पर रिलीज किया गया है. इस फिल्म के जरिए सुभाष घई और श्रेयस तलपड़े करीब दो दशक बाद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं.

इससे पहले दोनों ने साल 2005 में आई स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म इकबाल में साथ काम किया था, जिससे श्रेयस तलपड़े को काफी पहचान मिली थी. फिल्म का डायरेक्शन समीर जोशी कर रहे हैं. ये फिल्म एक नाबालिग लड़के की जिंदगी पर आधारित है. सुभाष घाई ने फिल्म में फिर से श्रेयस के साथ काम करने पर अपना एक्सपीरियंस भी शेयर किया है.

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म में सिर्फ अपराध पर ध्यान देने के बजाय उस लड़के के हालात और उसकी जिंदगी के पीछे छिपी इंसानी कहानी को दिखाने की कोशिश की गई है. फिल्म में श्रेयस तलपड़े के अलावा संवेदना सुवालका, दिव्या शर्मा, प्रियदर्शिनी पूजा और जोहेब फारूकी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इस फिल्म को मुक्ता आर्ट्स, पुनीत अग्रवाल और राहुल पुरी ने स्लो बर्न एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है.

क्या बोले सुभाष घाई ?

फिल्म और मुक्ता आर्ट्स की सालगिरह के बारे में बात करते हुए सुभाष घई ने श्रेयस तलपड़े के साथ दोबारा काम करने का अनुभव शेयर किया. उन्होंने कहा कि मुक्ता आर्ट्स के लिए यह खास पड़ाव नई और दिलचस्प कहानियों वाली फिल्मों की शुरुआत है, जिनमें सबसे पहली फिल्म मन्या है. करीब 20 साल बाद श्रेयस के साथ काम करके उन्हें अच्छा लगा. उन्होंने कहा कि इस फिल्म में श्रेयस की अभिनय क्षमता और अलग-अलग किरदार निभाने की उनकी काबिलियत को फिर से देखने का मौका मिला. साथ ही, उन्होंने फिल्म के बाकी कलाकारों की भी तारीफ की, जिन्होंने अपनी भूमिकाओं से कहानी को और बेहतर बनाया है.

सुभाष घई की अगली फिल्में

मन्या के अलावा सुभाष घई संजय दत्त के साथ खलनायक रिटर्न्स पर भी काम कर रहे हैं. इसके साथ ही वह अनिल कपूर के साथ एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म भी बना रहे हैं. उनके दूसरे प्रोजेक्ट्स पर भी अलग-अलग चरणों में काम चल रहा है.

कहकशा परवीन

कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More

google button