Aug 26, 2026 06:29 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।

Follow us on Google News

share

डीके शिवकुमार ने अपनी सफाई में कहा कि उनसे मिलने आने वाले कई दोस्त उन्हें लुई वुइटन का मफलर जैसी महंगी चीजें गिफ्ट कर देते हैं, जिस पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है।

मैं आज भी 50 रुपये में बाल कटवाता हूं; DK शिवकुमार का दावा, 1400 करोड़ के हैं मालिक

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार।

1400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि इतनी संपत्ति होने के बावजूद वे आज भी दिल्ली में मात्र 50 रुपये में अपने बाल कटवाते हैं और सादगी भरा जीवन जीने में विश्वास रखते हैं। हालांकि उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तंज कसते हुए इसे दोहरा रवैया करार दिया है।

इंडिया टुडे कॉन्क्लेव के दौरान डीके शिवकुमार ने कहा कि जब मैं दिल्ली में था तो अपनी पसंद की एक साधारण दुकान पर जाकर बाल कटवाना चाहते थे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर जाने से रोका और नाई को घर बुलाने की सलाह दी तो शिवकुमार ने इससे इनकार कर दिया। कार्यक्रम के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अब मुख्यमंत्री बनने के बाद कोई वीवीआईपी हेयरकट लेते हैं तो शिवकुमार ने हंसते हुए जवाब दिया कि वे दिल्ली में आज भी सिर्फ 50 रुपये ही देते हैं।

जब उनसे उनके लग्जरी रहन-सहन और महंगे सामानों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वे एक साधारण जीवन जीने के कायल हैं। शिवकुमार ने अपनी सफाई में कहा कि उनसे मिलने आने वाले कई दोस्त उन्हें लुई वुइटन का मफलर जैसी महंगी चीजें गिफ्ट कर देते हैं, जिस पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने अपनी जीवनशैली पर बात करते हुए कहा, "कोई इंसान कितना खा सकता है? सादगी से जीना एक बुनियादी शिष्टाचार है।"

1413 करोड़ की डीके की संपत्ति

आपको बता दें कि 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार, डीके शिवकुमार और उनके परिवार की कुल घोषित संपत्ति लगभग 1413.78 करोड़ रुपये है। इसमें करीब 273.42 करोड़ रुपये की चल और 1140.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।

भाजपा बोली- यह हिपोक्रेसी प्रो मैक्स

शिवकुमार के इस बयान के सामने आते ही राज्य में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। कर्नाटक भाजपा ने एक्स पर निशाना साधते हुए लितखा, "50 रुपये में बाल कटवाना = सादा जीवन। रोलेक्स घड़ी + लुई वुइटन का मफलर + कार्टियर घड़ी = यह भी सादा जीवन!" भाजपा ने उनके इस दावे को 'हिपोक्रेसी प्रो मैक्स' (दोगलेपन की हद) करार देते हुए उनके महंगे शौक और घोषित संपत्ति से जुड़ी खबरों के स्क्रीनशॉट भी लगाए हैं।