51 साल की गेंदबाज ने बरपाया कहर, झटके 5 विकेट, क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

जोआन हिक्स ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड. (फोटो- INSTAGRAM/Isle of Man)

Joanne Hicks Five-Wicket Haul: उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है, इस बात को आइल ऑफ मैन (Isle of Man) की 51 साल की ऑफ स्पिनर जोआन हिक्स ने सच साबित कर दिखाया है. रोमानिया के मोआरा व्लासी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए एक मुकाबले में हिक्स ने ग्रीस की महिला टीम के खिलाफ 5 विकेट चटकाए. 51 साल और 173 दिन की उम्र में यह कारनामा करते हुए जोआन हिक्स इंटरनेशनल क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में 50 साल की उम्र के बाद फाइव-विकेट हॉल हासिल करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गई हैं.

जोआन हिक्स के आगे ग्रीस की टीम का सरेंडर

दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर जोआन हिक्स ने मैच में कातिलाना गेंदबाजी करते हुए ग्रीस के बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. हिक्स ने अपने करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 10 गेंद देकर 5 विकेट लिए. यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का तीसरा फाइव-विकेट हॉल रहा. उनकी घातक फिरकी के दम पर ग्रीस की पूरी टीम 15 ओवरों में सिर्फ 52 रनों पर ढेर हो गई. वहीं, आइल ऑफ मैन ने सिर्फ 1 विकेट खोकर पावरप्ले के अंदर ही इस आसान टारगेट को हासिल कर 9 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की.

तोड़ा 96 साल पुराना रिकॉर्ड

जोआन हिक्स ने इस ऐतिहासिक स्पैल के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे उम्रदराज फाइव-विकेट टेकर का 96 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्पिनर बर्ट आयरनमॉन्गर के नाम था, जिन्होंने 1932 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में 49 साल और 314 दिन की उम्र में 5 विकेट झटके थे. बता दें, हिक्स ने 47 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और सिर्फ चार साल के भीतर 3 बार 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुकी हैं.

जोआन हिक्स का इंटरनेशनल करियर

जोआन हिक्स ने आइल ऑफ मैन की टीम के लिए अभी तक 29 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 36 विकेट हासिल किए हैं. खास बात ये है कि उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4.12 की है. वो 3 फाइव-विकेट हॉल के अलावा 1 बार पारी में 4 विकेट भी ले चुकी हैं. जोआन हिक्स उन चुनिंदा गेंदबाजों में भी शामिल हैं, जिन्होंने लगातार 2 टी20I मैचों में 4 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button