
किश्तवाड़ से बीजेपी विधायक शगुन परिहार
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से बीजेपी विधायक शगुन परिहार को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा यानी BJYM का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इस नियुक्ति के साथ शगुन परिहार को राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका मिला है. शगुन की राजनीतिक कहानी इसलिए भी चर्चा में रहती है, क्योंकि साल 2018 में आतंकवादियों ने उनके पिता अजीत परिहार और चाचा अनिल परिहार की हत्या कर दी थी.
परिवार पर आई इस त्रासदी के बाद शगुन ने पढ़ाई जारी रखी और राजनीति में कदम रखा. 2024 के जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता सज्जाद अहमद किचलू को महज 521 वोटों से हराकर जीत दर्ज की. आखिर कौन हैं शगुन परिहार और कैसे तय किया उन्होंने राजनीति का सफर, आइए जानते हैं.
आतंकवाद में पिता और चाचा की हुई थी हत्या
शगुन परिहार जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से आती हैं. उनके परिवार को आतंकवाद का सामना करना पड़ा. साल 2018 में आतंकवादियों ने उनके पिता अजीत परिहार और चाचा अनिल परिहार की हत्या कर दी थी. इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा दिया. उनके पिता और चाचा की हत्या के बाद शगुन के परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया. इस घटना के बाद शगुन ने अपनी पढ़ाई जारी रखी. आगे चलकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और बीजेपी से जुड़ीं.
पढ़ाई में भी मजबूत रहीं शगुन
शगुन परिहार ने इलेक्ट्रिकल पावर सिस्टम्स में एमटेक किया है और शोध से भी जुड़ी रही हैं. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की. बीजेपी में सक्रिय होने के बाद शगुन ने किश्तवाड़ में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई. जम्मू-कश्मीर की राजनीति में किश्तवाड़ चिनाब घाटी का अहम इलाका है. यहां स्थानीय मुद्दों के साथ सुरक्षा, विकास और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व जैसे विषय भी राजनीति में महत्वपूर्ण रहते हैं.
2024 में पहली बार चुनाव लड़ा, 521 वोटों से जीतीं
शगुन परिहार ने 2024 के जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर किश्तवाड़ सीट से चुनाव लड़ा. उनके सामने नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जाद अहमद किचलू थे. चुनाव में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. शगुन परिहार को 29,053 वोट मिले, जबकि सज्जाद अहमद किचलू को 28,532 वोट हासिल हुए. इस तरह शगुन ने महज 521 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. पहली बार विधानसभा चुनाव लड़कर जीत हासिल करने के बाद वह जम्मू-कश्मीर की राजनीति में चर्चा में आईं.
अब BJP युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
बीजेपी ने अब शगुन परिहार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में जगह दी है. उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. युवा मोर्चा बीजेपी का युवा संगठन है, जिसके जरिए युवाओं को पार्टी से जोड़ने, संगठन को मजबूत करने और युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए काम किया जाता है.

रमन सैनी
रमन सैनी एक वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में स्पेशल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले इंडिया डेली लाइव में जम्मू कश्मीर ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. रमन सैनी ने अपने करियर के 15 वर्ष इंडिया टीवी के साथ बिताए. इसके बाद उन्होंने इंडिया डेली लाइव जॉइन किया, जहां से जम्मू कश्मीर की अहम रिपोर्टिंग का नेतृत्व किया. उनकी पत्रकारिता का मुख्य फोकस संघर्ष क्षेत्र, आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर रहा है. रमन सैनी ने आतंकवाद, सीमा पार घुसपैठ और लगातार होने वाली क्रॉस बॉर्डर फायरिंग की व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन हमला, दीनानगर पुलिस स्टेशन हमला जैसे बड़े आतंकी मामलों की कवरेज के अलावा उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयों को भी कवर किया है.
Read More