औरंगाबाद में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला खनन विभाग ने दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव में एक्शन लिया है।

.

करीब 5500 सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला खनन पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष और राजू कुमार की टीम ने की।

टीम ने केरा गांव के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में बालू अवैध रूप से भंडारित पाया गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन बालू के स्वामी अथवा भंडारण करने वाले व्यक्तियों के संबंध में कोई प्रमाणिक जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद अज्ञात अवैध खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं और भंडारणकर्ताओं के खिलाफ दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया गया है।

अवैध खनन और स्टॉक के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस।

अवैध खनन और स्टॉक के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस।

अवैध कारोबारियों की होगी पहचान, होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

जिला खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष ने कहा कि जिले में अवैध बालू कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

वर्तमान में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों के अनुसार नदियों से बालू खनन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद कुछ लोग अवैध रूप से बालू का खनन, परिवहन और भंडारण कर पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे न केवल प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सरकार को राजस्व की भी क्षति हो रही है। जिला प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और नियमित रूप से छापेमारी अभियान चला रहा है।

चार दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई, आम लोगों से मांगी गई सूचना

खनन विभाग ने बताया कि यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। चार दिन पहले भी जिले में विशेष अभियान के दौरान लगभग 1100 सीएफटी अवैध बालू जब्त किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि जिला प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

जब्त किए गए 5500 सीएफटी बालू की सुरक्षा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी नियमानुसार 3सी बालू घाट के बंदोबस्तधारी रमेश कुमार भारती को सौंपी गई है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध बालू खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।