जयपुर नगर निगम के 150 वार्ड में शहरी सरकार चुनने के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जयपुर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर में कुल 2250 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 551 बूथों को सं

.

मतदान के बाद ईवीएम को भी कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, 14 सितंबर को मतगणना के बाद जीतने वाले पार्षद विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आदर्श आचार संहिता के तहत विजय जुलूस और रैली पर रोक लगाई है।

हर बूथ पर दो कांस्टेबल, संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता

एडिशनल कमिश्नर कानून-व्यवस्था डॉ. राजीव पचार ने बताया- जयपुर नगर निगम के 150 वार्ड में दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को मतदान होगा। इसके लिए 2250 इलेक्शन बूथ बनाए गए हैं। सामान्य बूथों पर दो-दो कॉन्स्टेबल तैनात किए जाएंगे।

551 संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ऐसे बूथों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां मतदाताओं को प्रभावित करने, किसी तरह की गड़बड़ी होने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है।

असामाजिक तत्व पहले ही चिह्नित, निरोधात्मक कार्रवाई

पुलिस ने मतदान के दौरान गड़बड़ी की आशंका वाले असामाजिक तत्वों को पहले ही चिह्नित कर लिया है। ऐसे लोगों को पाबंद कराने के साथ उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य कार्मिकों को भी ब्रीफिंग दी गई है। उन्हें मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई है।

हर 10 बूथ पर मोबाइल पार्टी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत हर 10 बूथ पर एक मोबाइल पार्टी तैनात रहेगी। इसके अलावा हर 10 वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी को सुपरवाइजरी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

छह जगहों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम

अचानक किसी मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ते की जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए छह अलग-अलग लोकेशन पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही ये टीमें मौके पर पहुंचेंगी।

ईवीएम की सुरक्षा भी रहेगी कड़ी

मतदान खत्म होने के बाद ईवीएम को निर्धारित संग्रहण केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भी पुलिस की विशेष व्यवस्था रहेगी। ईवीएम की सुरक्षा और स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी में भी पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।

पार्षदों के विजय जुलूस पर रोक

नगरीय निकाय चुनाव के चलते फिलहाल आदर्श आचार संहिता लागू है। इसी वजह से रैली और जुलूस पर रोक है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी निषेधाज्ञा के तहत 14 सितंबर को पार्षद चुनाव की मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को महापौर और 22 सितंबर को उप महापौर का चुनाव होगा। इसके बाद आदर्श आचार संहिता हटने पर ही विजय जुलूस निकालने की अनुमति होगी।