हरियाणा के पंचकूला में मंगलवार रात वीआईपी कल्चर का रौब झाड़ना दो युवकों को भारी पड़ गया। दोनों अपनी नई कार पर अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रहे थे। इसी दौरान डीसीपी (क्राइम एवं ट्रैफिक) आईपीएस अमरिंदर सिंह ने दोनों को रुकने का इशारा किया।

.

मगर, दोनों ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और रिहायशी कॉलोनियों की गलियों में गाड़ी दौड़ाने लगे। डीसीपी ने भी अपनी गाड़ी युवकों के पीछे लगा दी। युवक आगे-आगे और डीसीपी पीछे-पीछे, करीब पांच किलोमीटर तक पंचकूला की सड़कों पर यही भागम-भाग चलती रही।

इसके बाद सेक्टर-15 के पास पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रुकवा लिया। कार पर लगी नंबर प्लेट भी अस्थायी (टैम्पररी) पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही 30 हजार रुपये का चालान काटकर कार को इंपाउंड (जब्त) कर लिया। साथ ही युवकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न दोहराई जाए।

युवकों की कार की जांच करते ट्रैफिक पुलिस कर्मी।

युवकों की कार की जांच करते ट्रैफिक पुलिस कर्मी।

पंचकूला में युवकों की कार का चालान करते हुए ट्रैफिक पुलिस टीम।

पंचकूला में युवकों की कार का चालान करते हुए ट्रैफिक पुलिस टीम।

कैसे युवकों ने पुलिस को दौड़ाया, सिलसिलेवार ढंग से जानिए…

  • सेक्टर-14 में तेज रफ्तार से कार दौड़ा रहे थे युवक: यह मामला सेक्टर-14 मार्केट के पास रात करीब 8:30 बजे का है। डीसीपी (क्राइम एवं ट्रैफिक) अमरिंदर सिंह के मुताबिक, कार में दो युवक सवार थे, जो तेज रफ्तार से कार चलाते हुए कभी कॉलोनियों की गलियों में, तो कभी मुख्य सड़क पर घूम रहे थे।
  • रुकने का इशारा किया तो कॉलोनियों में घुसे: डीसीपी के मुताबिक, जब उन्होंने कार सवारों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने रफ्तार बढ़ाकर गाड़ी रिहायशी कॉलोनियों की गलियों में दौड़ा दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी अमरिंदर सिंह ने अपनी सरकारी गाड़ी से कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
  • सेक्टर-15 के पास घेराबंदी कर रुकवाई कार: डीसीपी ने बताया कि दोनों युवक सड़क पर अन्य वाहनों के बीच तेज रफ्तार से भागने लगे। करीब 5 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद आखिरकार सेक्टर-15 के पास पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रुकवा लिया। इसके तुरंत बाद डीसीपी ने सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी को मौके पर बुलाया।
  • मौके पर ही काटा 30 हजार रुपये का चालान: मौके पर पहुंचे ट्रैफिक थाना प्रभारी ने जांच के दौरान पाया कि गाड़ी पर अवैध लाल-नीली बत्ती और अस्थायी नंबर प्लेट लगाने समेत कई नियमों का उल्लंघन किया गया था। इस पर पुलिस ने चालक का 30 हजार रुपये का चालान काटा। साथ ही गाड़ी को मौके पर ही इंपाउंड (जब्त) कर सेक्टर-14 थाने में खड़ा करवा दिया।
  • एक आरोपी छात्र, दूसरा उसका साथी: डीसीपी ने बताया कि आरोपियों में से एक युवक स्टूडेंट है, जबकि दूसरा उसका साथी है। यह कार छात्र के साथी की है, जिसे उसके चाचा ने हाल ही में खरीदा था। दोनों इस पर अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रहे थे। आरोपी के चाचा का एम्बुलेंस चलाने का काम करते हैं।

-------------------------

ये खबर भी पढ़ें….

स्टंट कर रहे 2 बाइकर्स का ₹45 हजार का चालान:पंचकूला पुलिस से हाथ जोड़कर बोले-कसम खाते हैं, दोबारा नहीं करेंगे; 1 नाबालिग निकला

हरियाणा के पंचकूला-शिमला हाईवे पर कुछ बाइकर्स का स्टंट करते हुए वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया। इसमें सात-आठ बाइकर्स जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार से स्कूटी और बाइकों पर स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। (पूरी खबर पढ़ें)