सरगुजा में पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी से मारपीट करने वाले भाजपा नेता को जिला दंडाधिकारी ने एक साल के लिए जिला बदर कर दिया है। अब वह एक साल तक सरगुजा समेत 6 जिलों की सीमा में नहीं रह सकेगा। आरोपी को आदतन बदमाश बताया गया है।
.
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा एसपी ने आदतन बदमाश जितेन्द्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर निवासी ग्राम सोहगा, दरिमा के खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 5 (क) (ख) के तहत जिला बदर की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत की अदालत में पेश किया था।
एसपी के रिपोर्ट के आधार पर जितेन्द्र कुजूर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उसे अपना पक्ष रखने के लिए सुनवाई का मौका दिया गया। अभियोजन और रिपोर्टकर्ता के सबूतों के आधार पर जिला दंडाधिकारी ने राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 5 के तहत जिला बदर का आदेश जारी किया।
आदेश के मुताबिक, जितेन्द्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर को 10 सितंबर 2026 से एक साल के लिए सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा से बाहर कर दिया गया है। इस अवधि में उसके इन छह जिलों की सीमा में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

मंत्री-विधायक के साथ आरोपी ने पोस्ट की फोटो।
पटवारी कार्यालय में घुसकर की थी मारपीट
आरोपी जितेंद्र कुजूर पहले दरिमा भाजपा मंडल के एसटी मोर्चा का मंडल अध्यक्ष था। 22 अप्रैल 2026 को वह कंठी पटवारी कार्यालय में घुसा था। उसने पटवारी प्रकाश मंडल से आरआई अनिता राजवाड़े के बारे में पूछा।
पटवारी ने बताया कि आरआई लंच के लिए गई हैं। इस पर जितेंद्र ने पटवारी से उन्हें फोन लगाने के लिए कहा। प्रकाश मंडल ने बताया कि दीवार पर उनका मोबाइल नंबर लिखा है, आप खुद फोन कर लें। उन्होंने कहा कि अगर आरआई फोन नहीं उठाती हैं तो वे उनसे बात करा देंगे।
पटवारी की बात से नाराज जितेंद्र कुजूर ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर के साथ भी मारपीट की। पटवारी बचने के लिए बाहर निकले तो जितेंद्र ने उन्हें लात मारी और डंडे से भी पीटा।
इसके बाद पटवारी भागकर अपने कमरे में पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इस तरह उन्होंने खुद को बचाया। मामले में दरिमा पुलिस ने आरोपी जितेंद्र कुजूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।

पिस्टल और गन के साथ भी सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट।
सोशल मीडिया पर दबंगई, राजनेताओं के साथ फोटो
जितेंद्र कुजूर फिटनेस ट्रेनर भी है। उसने सोशल मीडिया पर दबंगई वाले कई वीडियो पोस्ट किए हैं। ऐसे ही एक वीडियो में वह पिस्टल और बंदूक के साथ नजर आ रहा है।
उसने भाजपा विधायक प्रबोध मिंज, सांसद चिंतामणि महाराज और महापौर मंजूषा भगत के साथ भी अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं।
जितेंद्र कुजूर दरिमा भाजपा मंडल के एसटी मोर्चा का मंडल अध्यक्ष था। जिला बदर की कार्रवाई के बाद सरगुजा भाजपा की ओर से उसे पद से हटाने का कोई बयान या पत्र अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
……………………
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
बीजेपी नेता ने पटवारी-ऑपरेटर को लात-डंडे से पीटा, VIDEO: ऑफिस में घुसकर मारपीट, RI का नंबर मांगने पर विवाद, पटवारी संघ बोला- जुलूस निकाला जाए

पटवारी से मारपीट का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भाजपा नेता ने आरआई के मोबाइल नंबर मांगने को लेकर पटवारी की लात-घूंसे से जमकर पिटाई कर दी। ऑपरेटर को भी पीट दिया। मारपीट का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया। अब सरगुजा कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…