
होंडा बाइक्सImage Credit source: Getty Images
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने सितंबर 2026 की बिक्री के आंकड़े जारी कर दिए हैं. कंपनी ने पिछले महीने कुल 7,06,266 दोपहिया वाहन बेचे. इनमें से 6,36,768 यूनिट भारत में बिकीं, जबकि 69,498 यूनिट का निर्यात किया गया. सितंबर 2025 में कंपनी ने कुल 5,68,164 यूनिट बेची थीं. इस तरह सालाना आधार पर कंपनी की कुल बिक्री में करीब 24% की बढ़ोतरी हुई है.
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान भी होंडा की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिली है. इस दौरान कंपनी ने कुल 34,40,072 यूनिट बेचीं. इनमें 30,44,072 यूनिट घरेलू बाजार में बिकीं, जबकि 3,96,000 यूनिट का निर्यात किया गया. पिछले साल के मुकाबले कुल बिक्री करीब 15% बढ़ी है. खास बात यह है कि इस दौरान कंपनी के निर्यात में 27% की सालाना बढ़ोतरी हुई है.
पिछले साल कम हुई थी बिक्री
इन आंकड़ों की तुलना करते समय पिछले साल की स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है. 2025 में GST दरों में कटौती और कीमतें कम होने की उम्मीद के कारण कुछ ग्राहकों ने वाहन खरीदने का फैसला टाल दिया था. इससे पिछले साल का बिक्री आधार कमजोर रहा. बाद में जीएसटी कटौती के बाद त्योहारी सीजन के दौरान बिक्री में तेज उछाल देखने को मिला था. इसका असर अक्टूबर 2026 के सालाना बिक्री आंकड़ों की तुलना पर भी पड़ सकता है.
भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाएगी कंपनी
होंडा ने सितंबर की बिक्री में अलग-अलग बाइक और स्कूटर की बिक्री का आंकड़ा जारी नहीं किया है. कंपनी ने इस साल जुलाई में भारत में अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाने की योजना की घोषणा की थी. इसके तहत 2028 तक सालाना करीब 80 लाख यूनिट प्रोडक्शन हासिल करने का टारगेट है. कंपनी भारत को अपने मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट हब के तौर पर और मजबूत करना चाहती है. इसके अलावा, जुलाई में होंडा ने एक बड़े लॉन्च इवेंट में 10 नए और अपडेटेड मॉडल पेश किए थे. इन नए मॉडलों की बिक्री बढ़ने के साथ आने वाले महीनों में कंपनी के कुल बिक्री आंकड़ों को भी फायदा मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- इस स्टेट में बंद होंगी पेट्रोल बाइक टैक्सी! Ola, Uber और Rapido के लिए बड़ा फैसला

महेंद्र भार्गव
महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.
Read More