तेलंगाना: सिकंदराबाद में लापता 6 साल की बच्ची की हत्या, क्लब हाउस के तहखाने में मिला शव

सुरक्षा गार्ड पर हत्या का शक

Telangana News:तेलंगाना के सिकंदराबाद में छह वर्षीय बच्ची अरुलिया मोसेस के लापता होने का मामला दर्दनाक घटना में बदल गया. जिस बच्ची की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी थीं, उसका शव अपार्टमेंट के क्लब हाउस के तहखाने में पानी के भीतर मिला. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस को अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाले विक्रम पर हत्या का संदेह है.

जानकारी के मुताबिक, बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण की आशंका के आधार पर जांच शुरू की. तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सुरक्षा गार्ड विक्रम के मोबाइल फोन की लोकेशन सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के आसपास मिली थी. इसके बाद विशेष पुलिस टीमों का गठन कर विला कॉलोनी, रेलवे स्टेशन और आसपास के लॉज में तलाशी अभियान चलाया गया.

बच्ची की तलाश के लिए ड्रोन की मदद भी ली गई. इसी दौरान पुलिस को क्लब हाउस के पास एक साइकिल दिखाई दी. इसके बाद आसपास के इलाके में तलाशी ली गई, जहां तहखाने में पानी के भीतर बच्ची का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेज दिया है.

20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का संदेह

पुलिस के शुरुआती आकलन के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची के हाथ-पैर बांधे और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. इसके बाद बच्ची के पिता को फोन कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की बात सामने आई है. पुलिस को आशंका है कि पकड़े जाने के डर से बच्ची की हत्या कर शव को तहखाने के पानी में फेंक दिया गया. हालांकि, वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मलकाजगिरि जोन पुलिस ने मुख्य संदिग्ध विक्रम की तलाश में अभियान तेज कर दिया है. इस मामले में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

इनपुट- तेलुगु डेस्क

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button