सलमान उर्फ जोनिस लोदी, सतपाल उर्फ सत्तु और राकेश जाट के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खुल गई है।

बीकानेर में अवैध मादक पदार्थों के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बीकानेर पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर तीन फरार आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

.

पुलिस ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं। वहीं तीन अन्य बदमाशों की हिस्ट्रीशीट अलग अलग थानों में खोली गई है।

NDPS एक्ट के मामलों में फरार हैं

  • श्रवणराम पर 5 हजार का इनाम- पुलिस के अनुसार- मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण संख्या 7, दिनांक 6 जनवरी 2026 में धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत श्रवणराम पुत्र शिवलाल विश्नोई निवासी खिंवासर, थाना हदां, बीकानेर पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
  • सुगनाराम फौजी पर भी इनाम- इसी तरह नापासर थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण संख्या 137, दिनांक 6 जुलाई 2025 में धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत सुगनाराम फौजी पुत्र मोहनराम जाट निवासी केड़ली, थाना नोखा, बीकानेर पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
  • कमल विश्नोई पर इनाम घोषित- नापासर थाने में ही दर्ज प्रकरण संख्या 22, दिनांक 17 फरवरी 2026 में धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कमल विश्नोई पुत्र दीनदयाल विश्नोई निवासी सर्वसिद्धि नगर, थाना गंगाशहर, बीकानेर पर भी 5 हजार रुपए का नकद इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तीनों फरार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पर यह इनाम देय होगा।

तीन आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली

पुलिस ने बार-बार अपराध करने और आमजन में भय पैदा करने वाले तीन अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट भी खोली है। संबंधित थाना प्रभारियों को इनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कोटगेट थाना- हिस्ट्रीशीटर सलमान उर्फ जॉनिस लोदी उर्फ विक्की पठान के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास और धमकी सहित 5 संगीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में चालान कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं।

पांचू थाना- हेतराम उर्फ राकेश पुत्र बन्नाराम जाट के खिलाफ चोरी, लूट, नकबजनी और मारपीट सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में भी चालान कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं।

हदां थाना- सतपाल उर्फ सत्तू पुत्र बस्तीराम विश्नोई के खिलाफ चोरी, मारपीट, रेप, फिरौती, अवैध हथियार, फायरिंग और जानलेवा हमले सहित 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा चालान कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं।