बालोद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और पिकअप की टक्कर में 6 लोगों की मौत; 7 घायल

ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर

Balod Road Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट पर भारी बारिश के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खराब होकर खड़े पिकअप वाहन को पीछे से गेहूं से लदे 16 पहिया ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक, पिकअप को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया और कुछ दूरी पर जाकर खुद भी पलट गया. हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सात लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों का जिला अस्पताल धमतरी में इलाज चल रहा है.

जानकारी के मुताबिक, पिकअप कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था. मरकाटोला घाट में अचानक वाहन खराब हो गया, जिसके बाद उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था. वाहन में कुल 13 लोग सवार थे. इनमें से दो लोग वाहन को ठीक कराने के लिए मैकेनिक लेने धमतरी की ओर गए थे. इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की तरफ जा रहे गेहूं से भरे 16 पहिया टाटा ट्रक ने खड़े पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक वाहन को काफी दूर तक घसीटता ले गया. इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया.

इलाज के दौरान 4 ने दम तोड़ा

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए. हादसे की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया. अस्पताल में उपचार के दौरान चार और घायलों ने दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. सात घायलों का फिलहाल इलाज जारी है. मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी बताई जा रही है.

बारिश और लैंडस्लाइड के बीच हुआ हादसा

मरकाटोला घाट में हादसे के समय पहले से ही मौसम और सड़क की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी. इलाके में बीती रात से भारी बारिश हो रही थी और पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है. इसी मुश्किल स्थिति के बीच सड़क किनारे खराब खड़े वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.

ASP बालोद चंद्रकांत गवर्ना के मुताबिक, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल मरकाटोला घाट में भारी बारिश, लैंडस्लाइड और हादसे के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. पुलिस और प्रशासन की ओर से हाईवे पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.

अमित मिश्रा

अमित मिश्रा

छत्तीसगढ़ से आने वाले अमित मिश्रा ने पत्रकारिता की शुरुआत रायगढ़ नवभारत से की. उसके बाद राजधानी रायपुर आकर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एमएससी की पढ़ाई की. फिर स्वराज एक्प्रेस से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जमीनी पत्रकारिता की शुरुआत की. क्राइम और राजनीतिक खबरों में विशेष रुचि के साथ लंबे समय तक काम किया. स्थानीय न्यूज प्लेटफॉर्म्स जैसे INH 24, LALLURAM और सहारा समय में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम करने का मौका मिला. इसके बाद टीवी9 भारतवर्ष से जुड़े. अमित मिश्रा का करीब 15 सालों का समय पत्रकारिता में बीत चुका है. इस बीच नक्सल क्षेत्रों की ग्राउंड रिपोर्टिंग, छत्तीसगढ़ सरकारों में उठा पटक, मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिरने और भाजपा की सरकार बनने की पूरी पॉलिटिकल उठा पटक जैसी विशेष स्थिति में रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

Read More

google button