पटना में 6 जुलाई को पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर के पास से बंटी किडनैप हुआ था। अपहरण के 5 दिन बाद 11 जुलाई को बंटी की लाश 60 किमी दूर अथमलगोला में मिली है। जिस तरह से बंटी की लाश शनिवार को नेशनल हाइवे के किनारे मिली, वो चौंकाने वाली बात है।

.

चेहरा कूचा हुआ था। आंख-नाक का कुछ भी पता नहीं चल रहा था। बाएं हाथ ठीक थे, पर दाहिने हाथ की सिर्फ हड्‌डी बची थी। पूरे शरीर पर चोट के काले निशान थे। बॉडी गलनी शुरू हो चुकी थी। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या बदमाशों ने किडनैपिंग के कुछ ही घंटों बाद उसकी हत्या कर दी? फिर उसकी लाश को हाईवे किनारे फेंक दिया?

इन सवालों के जबाव फिलहाल पटना पुलिस के पास नहीं है। अधिकारी बस इतना कह रहे हैं कि जांच हो रही है।

हत्या के बाद की 2 तस्वीरें देखिए…

पटना के अथमल गोला में बंटी लाश मिली। उसका सिर और पैर जमीन में गड़ा मिला।

पटना के अथमल गोला में बंटी लाश मिली। उसका सिर और पैर जमीन में गड़ा मिला।

बंटी की बॉडी पर चोट के कई निशान भी मिले है। शरीर पर सिर्फ एक बनियान है।

बंटी की बॉडी पर चोट के कई निशान भी मिले है। शरीर पर सिर्फ एक बनियान है।

परिजनों ने हाथ में पहने कड़े से शव की पहचान की

मामले को लेकर SDPO-1 रामकृष्ण ने बताया, "शनिवार शाम करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि NH के पास एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शव काफी हद तक डिकंपोज हो चुका है। परिजनों ने हाथ में पहने कड़े से शव की पहचान की है। FSL टीम को मौके पर बुलाया गया है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचीं। शव मिलने के बाद आसपास के सभी संभावित रूट के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव पर मारपीट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया शव करीब पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

SDPO के मुताबिक, पुलिस नियमित गश्त करती है, लेकिन आशंका है कि आरोपियों ने रात के अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर शव को वहां ठिकाने लगाया। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस इलाके में दो पुलिस TOP स्थापित किए जाएंगे, ताकि वहां पुलिस की स्थायी मौजूदगी बनी रहे।

दोस्त ने कहा- 7-8 युवक बंटी को अपने साथ ले गए थे

मृतक के दोस्त राजीव ने बताया कि स्थानीय लोगों ने खेत में शव पड़ा होने की सूचना दी थी। देखने से ही लग रहा था कि शव 4-5 दिन पुराना है। खेत में शव मिलने से साफ है कि यह हत्या का मामला है।

राजीव ने बताया, “बंटी ने इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट का विरोध करता था। इसी मामले में सोमवार रात करीब 11.30 बजे किसी का फोन आया और उसे महावीर मंदिर के पास मिलने बुलाया। इसी दौरान 7-8 युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए।”

पहले पूरा मामला पढ़िए…

मारपीट के बाद दुकान के बाहर से अपहरण

6 जुलाई को राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया के युवक बंटी कुमार को सोमवार की देर रात अगवा कर लिया गया। वह फास्ट फूड की दुकान चलाता है। देर रात बंटी पटना जंक्शन के पास स्थित एक दुकान पर दही खरीदने पहुंचा था।

तभी कुछ लड़के पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। उसके बाद उसका अपहरण कर के उसे ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो से ले गए। इसका CCTV भी सामने आया था।

CCTV में अपहरण की तस्वीरें…

CCTV दुकान पर युवक दिख रहा है।

CCTV दुकान पर युवक दिख रहा है।

दुकान पर ब्लू टीशर्ट में बंटी दिख रहा है। उसे कुछ लोग खींचते नजर आ रहे हैं।

दुकान पर ब्लू टीशर्ट में बंटी दिख रहा है। उसे कुछ लोग खींचते नजर आ रहे हैं।

बंटी के घर वालों ने थाने में काटा था बवाल

7 जुलाई यानी मंगलवार को परिजनों ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की। बंटी की बरामदगी नहीं होने से नाराज परिजनों ने मंगलवार की देर शाम कोतवाली थाने में जमकर बवाल काटा था। परिजन का आरोप था कि यदि पुलिस शुरुआत से तेजी से कार्रवाई करती तो अब तक बंटी का पता लगाया जा सकता था।

थाना में हंगामे की तस्वीरें…

मंगलवार को थाना में हंगामा करते बंटी के परिजन।

मंगलवार को थाना में हंगामा करते बंटी के परिजन।

बंटी की पत्नी का रो-रोककर बुरा हाल है।

बंटी की पत्नी का रो-रोककर बुरा हाल है।

घटना को लेकर पीके ने दी थी चेतावनी

8 जुलाई यानी बुधवार को भी युवक के घर वालों ने सड़क जामकर आगजनी की। स्थानीय लोगों ने न्यू करबिगहिया में 3 घंटे तक सड़क जाम कर दिया। बंटी की बहन गुड़िया देवी ने कहा, ‘देह व्यापार के खिलाफ मेरे भाई ने आवाज उठाई थी, इसलिए उसे उठाकर ले गए हैं।’

वहीं, मौके पर प्रशांत किशोर भी पहुंचे। उन्होंने कहा था कि 2 दिन में बंटी बरामद नहीं होता तो वो भी प्रदर्शन में स्थानीय लोगों का साथ देंगे।

प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें देखिए

बंटी के अपहरण के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी की।

बंटी के अपहरण के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर आगजनी की।

प्रदर्शन के चलते मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

प्रदर्शन के चलते मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

पत्नी का आरोप है कि पटना पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है।

पत्नी का आरोप है कि पटना पुलिस ठीक से काम नहीं कर रही है।

सेक्स रैकेट का विरोध करता था बंटी, 15 दिन पहले हुआ था विवाद

स्थानीय लोगों की बातचीत में ये बात सामने आया कि बंटी इस अवैध कामों का विरोध कर रहा था। वह स्थानीय लोगों के साथ बैठकों और विरोध प्रदर्शन में में भी शामिल होता था आनंद कुमार बताते हैं कि करीब 15 दिन पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान बंटी का रवीश उर्फ बीसी से विवाद हुआ था। इस दौरान बंटी को देख लेने की धमकी दी थी।

सोमवार की रात बंटी दही खरीदने के लिए पटना जंक्शन के पास गया था। वहीं कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे ऑटो में बैठाकर ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने ऑटो चालक रवि उर्फ चंदू को पुलिस ने अरेस्ट किया है। चंदू ने बताया कि बंटी को ले जाने की एवज में उसे 10 हजार दिए गए थे।

बंटी की बहन गुड़िया देवी ने बताया कि बंटी की किसी से लड़ाई नहीं थी। वह मोहल्ले के लोगों के साथ खड़ा था। इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया। अब तक परिवार कई बार कोतवाली थाने जा चुका है।

70 से 80 CCTV कैमरे खंगाले, फिर भी जिंदा नहीं ढूंढ पाई पुलिस

घटना 48 घंटे बाद भी बंटी का कुछ पता नहीं चला है। जांच में पुलिस ने पटना जंक्शन और उसके आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अब तक करीब 70 से 80 कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा चुकी है।

इसके अलावा रेलवे स्टेशन, मुख्य सड़कों, प्रमुख चौराहों और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की फुटेज भी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही हैं।

दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

पुलिस ने इस मामले में बजरंगी और रोहित नामक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों से घटना के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी जारी है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अपराधियों की पहचान के लिए SIT का गठन किया गया है।