देश

  • Edited by: मोनू झा
  • Updated Aug 1, 2026, 08:59 PM IST

SDRF Advance Release Funds: केंद्र सरकार ने मानसून के दौरान बाढ़ से प्रभावित देश के सात राज्यों के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) से 2,117.85 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि मंजूर की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहत और बचाव कार्यों के लिए यह राशि समय पर उपलब्ध कराने की मंजूरी दी है।

Image

बाढ़ प्रभावित 7 राज्यों के लिए केंद्र की बड़ी राहत

Photo :

PTI

SDRF Advance Release Funds: देश भर के विभिन्न हिस्सों में मानसून के दौरान आई बाढ़ को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्र ने सात प्रमुख बाढ़ प्रभावित राज्यों (Seven States Flood Relief Fund) में राहत और बचाव कार्यों को मजबूती देने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) में से अपने हिस्से की 2,117.85 करोड़ रुपये की राशि अग्रिम रूप से जारी करने की मंजूरी दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रभावित राज्यों में धन की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की किस्तों को समय से पहले जारी करने का फैसला किया। इसके तहत हिमाचल प्रदेश को 193.95 करोड़ रुपये और ओडिशा को 500 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से दी जा रही है।

इन राज्यों को मिलेगी तत्काल सहायता

वहीं, स्थिति की गंभीरता और संसाधनों की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए नियमों में कुछ ढील देकर चार अन्य राज्यों के लिए भी पहली किस्त अग्रिम मंजूर की गई है। इसमें असम को 379.35 करोड़ रुपये, गुजरात को 500 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र को 500 करोड़ रुपये और अरुणाचल प्रदेश को 44.55 करोड़ रुपये जारी किए जा रहे हैं। हिमाचल, ओडिशा और नागालैंड को इस वित्त वर्ष की पहली किस्त पहले ही मिल चुकी है।

नुकसान के आकलन के लिए केंद्रीय टीमें तैनात

बाढ़ से हुए नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए केंद्र सरकार ने अंतर-मंत्रालयी टीमों (IMCT) को असम और अरुणाचल प्रदेश भेजा है। असम में हालात गंभीर होने के कारण टीम ने दो बार दौरा किया है, जबकि नागालैंड के अनुरोध पर वहाँ भी टीम भेजी जा रही है।

केंद्र सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार मानसून की शुरुआत से ही राज्यों के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास के लिए हरसंभव सहायता दी जा रही है।

monu jha

मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article