रायपुर के अशोका आइकन अपार्टमेंट में 70 लाख की चोरी का पुलिस ने 6 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने घरेलू रसोइया समेत दो आरोपी नागपुर से गिरफ्तार किया गया है।

Cash seized from the accused

आरोपियों के पास से कैश जब्त

  • Published: 27 Jul 2026, 07:55 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 07:57 PM IST

रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में हुई इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड घर का ही घरेलू रसोइया निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से नागपुर रेलवे स्टेशन से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम, सोने-चांदी के जेवर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए।

पुलिस के मुताबिक, अशोका आइकन निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल 26 जुलाई को परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। घर पर केवल उनका रसोइया महेन्द्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे कुछ दिन पहले ही दोबारा काम पर रखा गया था। शाम को परिवार के लौटने पर घर की अलमारी टूटी मिली और उसमें रखे ₹51.50 लाख नकद, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नियां, सिक्के, पेन ड्राइव तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। शिकायत के आधार पर पंडरी थाना में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

CCTV फुटेज से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें महेन्द्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य युवक भी नजर आया। तकनीकी जांच और सीसीटीवी विश्लेषण से पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी शहर से रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना हो गए। 

Cash seized from the accused

RPF की मदद से नागपुर स्टेशन पर दबोचे गए
आरोपियों के नागपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से समन्वय स्थापित किया। आरोपियों की तस्वीर और अन्य जानकारियां साझा की गईं, जिसके बाद नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महेन्द्र यादव ने बताया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ मिलकर पहले से चोरी की योजना बनाई थी। परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने अलमारी से नकदी और जेवर चोरी किए। इसके बाद मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, वाहन पार्क किया और किराये की गाड़ी से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से फरार हो गए।

चोरी का पूरा माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹51.50 लाख नकद, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नियां, सिक्के, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान समेत करीब ₹70 लाख का पूरा मशरूका बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार 

  • महेन्द्र यादव (22 वर्ष), निवासी जिला बांका, बिहार (घरेलू रसोइया)
  • पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25 वर्ष), निवासी जिला बांका, बिहार, हाल निवासी आमासिवनी, रायपुर

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजधानी में इतनी बड़ी चोरी का कुछ ही घंटों में खुलासा और संपूर्ण चोरी का सामान बरामद होना रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)