लखनऊ, 26 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 30 अक्टूबर से लखनऊ में शुरू होने वाली अपनी दो दिवसीय राज्य कार्यसमिति की बैठक से पहले सोमवार को 712 सदस्यों की घोषणा की।

पार्टी ने बैठक के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को आमंत्रित किया है।

राज्य कार्यसमिति के गठन की घोषणा महत्वपूर्ण है, क्योंकि वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में पार्टी से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों का खाका तैयार करने की उम्मीद है।

पार्टी के एक नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “राज्य कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई है। हमने 30 अक्टूबर से प्रस्तावित बैठक के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को आमंत्रित किया है।”

भाजपा की प्रदेश इकाई की ओर से जारी सूची के अनुसार, राज्य कार्यसमिति में 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं।

इसके अलावा, सोमवार को कार्यसमिति के 548 सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई।

सूची के अनुसार, राज्य कार्यसमिति के 30 स्थायी आमंत्रित सदस्यों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हैं।

मोदी वाराणसी और सिंह लखनऊ से लोकसभा सदस्य हैं।

अन्य प्रमुख स्थायी आमंत्रित सदस्यों में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा विधान परिषद सदस्य एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर शामिल हैं।

इनके अलावा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी, उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बी.एल. वर्मा तथा कीर्ति वर्धन सिंह को भी स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष विनय कटियार, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी स्थायी आमंत्रित सदस्यों में शामिल हैं।

पूर्व राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और राज्यसभा सदस्य राधा मोहन दास अग्रवाल को राज्य कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई मंत्रियों को भी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

पार्टी के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान राज्य कार्यसमिति के 548 सदस्यों में शामिल हैं।

भाषा अरूणव जफर जितेंद्र

जितेंद्र

Web Title: उप्र: भाजपा की राज्य कार्यसमिति के 712 सदस्यों की घोषणा, 30 अक्टूबर से बैठक