प्रयागराज2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार के बाद गुरुवार को भी रुक-रुककर होती रही। गुरुवार सुबह करीब 3 बजे से ही बारिश शुरू हो गई। इससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

पिछले तीन दिनों में प्रयागराज में करीब 116.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों और कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया है।

सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और कई जगह वाहन पानी के बीच से गुजरते नजर आए।

प्रयागराज में सुबह भोर से ही झमाझम बारिश हो रही है।

प्रयागराज में सुबह भोर से ही झमाझम बारिश हो रही है।

सिविल लाइंस से करेली तक कई इलाकों में जलभराव

लगातार बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। सिविल लाइंस, निरंजन डॉट पुल, शाहगंज, करेली, नया बस अड्डा और जॉर्ज टाउन समेत कई इलाकों में सड़क पर पानी जमा है।

सुबह से हो रही झमाझम बारिश के कारण कई चौराहों और निचले इलाकों में पानी भरने से वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है।

जलभराव की देखें तस्वीरें….

प्रयागराज ले नैनी में लोगों के घरों में घुस गया पानी, पानी निकालता बुजुर्ग।

प्रयागराज ले नैनी में लोगों के घरों में घुस गया पानी, पानी निकालता बुजुर्ग।

प्रयागराज के प्रमुख इलाकों में सिविल लाइन थाना में जलभराव की स्थिति, आने जाने का रास्ता हुआ बंद।

प्रयागराज के प्रमुख इलाकों में सिविल लाइन थाना में जलभराव की स्थिति, आने जाने का रास्ता हुआ बंद।

सिविल लाइन्स में सड़के हुई लबालब, पानी में मस्ती करते बच्चे।

सिविल लाइन्स में सड़के हुई लबालब, पानी में मस्ती करते बच्चे।

भारी बारिश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद

प्रयागराज में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में गुरुवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सुबह से प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है।

ऐसे मौसम में बच्चों का स्कूल पहुंचना और शिक्षकों का घर से विद्यालय तक जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए गुरुवार को 'रेनी डे' अवकाश घोषित किया गया है। अभिभावकों से बच्चों को घर पर सुरक्षित रखने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है। शिक्षकों और कर्मचारियों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जुलाई में कम बारिश, अगस्त में बढ़ी उम्मीद

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल के प्रोफेसर एआर सिद्दीकी के मुताबिक अगस्त की शुरुआत में प्रयागराज में अच्छी बारिश हो रही है। जुलाई महीने में सामान्य से करीब 43 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन अगस्त के शुरुआती दिनों में हुई अच्छी बारिश से अब बारिश का आंकड़ा बेहतर होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक प्रयागराज में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

.