.
नगरीय निकाय चुनाव में इस बार युवाओं का जोश साफ नजर आ रहा है। जिले के आठों निकायों में 681 प्रत्याशियों में से 65 प्रत्याशी 29 साल या उससे कम उम्र के हैं। इनकी उम्र 21 से 29 वर्ष के बीच है।
कई वार्डों में तो मुकाबला ही युवा बनाम युवा का है, जबकि कुछ जगह युवा प्रत्याशियों के सामने बुजुर्ग उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने बड़ी संख्या में युवाओं को मौका दिया है। चुनावी मैदान में उतरने वाले कुछ युवा ऐसे भी हैं, जो प्रत्याशी बनने के साथ पहली बार मतदान भी करेंगे, वहीं बुजुर्ग प्रत्याशियों की संख्या काफी कम है।
जिले में सबसे अधिक उम्र के प्रत्याशी मनोहरथाना वार्ड 6 से निर्दलीय रामप्रसाद हैं, जिनकी उम्र 76 साल है। खानपुर के वार्ड 21 में 72 वर्षीय श्याममनोहर शर्मा, वार्ड 3 में 71 वर्षीय ग्यारसी बाई राठौर चुनावी मैदान में कहीं युवाओं का जोश है, तो कहीं बुजुर्गों का अनुभव। युवा प्रत्याशी ही नहीं, वोटरों में भी युवाओं की बड़ी हिस्सेदारी जिले के आठों नगरीय निकायों में करीब 35% वोटर युवा वर्ग से हैं। 25 वर्ष तक की आयु के 26,717 और 26 से 35 वर्ष आयु वर्ग के 42,897 मतदाता हैं। यानी, 25 से 35 वर्ष की आयु के कुल 69,614 युवा वोटर चुनाव में प्रत्याशियों का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। ऐसे में युवा प्रत्याशियों के लिए अपने उम्र वर्ग के मतदाताओं को साधना बड़ी चुनौती के साथ बड़ा मौका भी है। प्रत्याशियों की उम्र में भले ही फासला, लेकिन मुद्दे एक इस नगरीय निकाय चुनाव में 21 से 29 साल के 65 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी 76 साल की उम्र के हैं।
यानी, चुनाव में करीब 55 साल का उम्र फासला भी देखने को मिल रहा है। युवा प्रत्याशी जहां नई सोच और बदलाव की बात कर रहे हैं, वहीं बुजुर्ग उम्मीदवार अपने अनुभव को ताकत बता रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों के सामने वार्ड के आमजन से जुड़े सड़क, नाली, पानी, सफाई और रोशनी जैसे मुद्दे ही हैं। इस बार कई वार्डों में उम्र का अंतर भी चुनावी मुकाबले को रोचक बना रहा है।
डग नगरपालिका के वार्ड 17 में कांग्रेस ने 23 वर्षीय अंशु कुमारी को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा की प्रत्याशी 24 वर्षीय ज्योति मेहर हैं। यहां दोनों युवा प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। झालावाड़ नगरपरिषद के वार्ड 38 में भाजपा ने 23 वर्षीय अन्ना को प्रत्याशी बनाया है, तो कांग्रेस ने 24 वर्षीय किरण को मैदान में उतारा है। वार्ड 42 में भाजपा की 24 वर्षीय प्रिया रैगर के सामने कांग्रेस की 22 वर्षीय खुशी रैगर हैं। दूसरी ओर वार्ड 2 में 27 वर्षीय टीना के सामने भाजपा की 68 वर्षीय गीता बाई मैदान में हैं। ऐसे ही कई वार्डों में युवा और बुजुर्ग आमने-सामने हैं।