अमेरिकी-युद्धपोत लिंकन के 8 नौसैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की:एक समुद्र में कूदा; वॉरशिप ईरान के खिलाफ 300 से ज्यादा दिन तैनात था

4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन के स्ट्राइक ग्रुप में शामिल 8 नौसैनिकों ने आत्महत्या की कोशिश की। इनमें एक नौसैनिक जहाज से समुद्र में कूद गया था। दूसरे को साथियों ने कूदने से पहले रोक लिया।

ये घटनाएं तब हुईं, जब USS लिंकन ईरान के खिलाफ अमेरिकी मिशन में शामिल था। यह 300 दिन से ज्यादा समय से समुद्र में तैनात था।

अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सचिव हंग काओ ने सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड को भेजे पत्र में इसकी जानकारी दी।

नेवी टाइम्स की रिपोर्ट में भी USS अब्राहम लिंकन पर अमेरिकी नौसैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई गई थी।

नेवी टाइम्स की रिपोर्ट में भी USS अब्राहम लिंकन पर अमेरिकी नौसैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई गई थी।

हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू करना पड़ा

पत्र के मुताबिक, अगस्त की शुरुआत में एक नौसैनिक जहाज से समुद्र में कूद गया था। उसे नौसेना के रेस्क्यू हेलिकॉप्टर ने बचा लिया।

वहीं मार्च में एक दूसरे नौसैनिक ने भी समुद्र में कूदने की कोशिश की थी, लेकिन साथियों ने उसे रोक लिया था।

लिंकन पर करीब 5,000 नौसैनिक तैनात

USS अब्राहम लिंकन पर करीब 5,000 नौसैनिक तैनात हैं। यह जहाज 300 दिन से ज्यादा समय तक समुद्र में रहा। हाल ही में इसने बिना किसी बंदरगाह पर रुके सबसे लंबे समय तक समुद्र में रहने का अमेरिकी नौसेना का रिकॉर्ड बनाया।

इस महीने की शुरुआत में USS अब्राहम लिंकन 5 दिन के लिए थाईलैंड के पटाया में रुका था। इसके बाद शनिवार को यह गुआम पहुंचा।

सैनिकों की हालत पर जानकारी मांगी गई थी

डेमोक्रेट सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड ने जहाज पर तैनात सैनिकों की स्थिति और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर नौसेना से जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में नौसेना ने उन्हें यह पत्र भेजा।

गिलिब्रैंड ने कहा कि इन घटनाओं से पता चलता है कि USS लिंकन पर तैनात सैनिकों के हालात गंभीर थे। बढ़ते समय के साथ हालात और खराब हो रहे थे।

लंबे समय तक समुद्र में रहना आसान नहीं

अमेरिकी नौसेना के एडमिरल ब्रैड कूपर ने अगस्त में कहा था कि USS लिंकन पर मानसिक तनाव या मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों की संख्या नौसेना के दूसरे विमानवाहक पोतों की तुलना में कम थी।

हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि इसका मतलब यह नहीं है कि जहाज पर सब कुछ ठीक था। उनके मुताबिक, महीनों तक समुद्र में रहना आसान नहीं होता। इससे तनाव बढ़ता है और हर व्यक्ति उससे अलग तरीके से निपटता है।

थाईलैंड के चाबांग पोर्ट पर 5 दिन के लिए रुका था USS अब्राहम लिंकन।

थाईलैंड के चाबांग पोर्ट पर 5 दिन के लिए रुका था USS अब्राहम लिंकन।

ट्रम्प बोले थे- तैनाती ज्यादा लंबी नहीं हुई

पिछले महीने राष्ट्रपति ट्रम्प से USS लिंकन के सैनिकों की मानसिक स्थिति और लंबी तैनाती को लेकर सवाल पूछा गया था। जवाब में उन्होंने कहा था, ‘नहीं, ज्यादा लंबी तैनाती नहीं हुई है।'

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी जहाज पर खराब हालात की खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि स्थिति को गलत तरीके से पेश किया गया है। सीनेटर गिलिब्रैंड ने ट्रम्प और हेगसेथ पर सैनिकों की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया।

पूर्व नौसेना अधिकारी बोले- 8 मामले चिंता की बात

अमेरिकी नौसेना के पूर्व शीर्ष कानूनी अधिकारी रियर एडमिरल डोनाल्ड जे. ग्यूटर ने 8 आत्महत्या की कोशिशों को ‘बेहद चिंताजनक’ बताया। उनके मुताबिक, इतने मामले सैनिकों के बीच गंभीर तनाव का संकेत देते हैं।

-------------------------------

यह खबर भी पढ़ें…

5000 अमेरिकी सैनिक थाईलैंड पहुंचे, 5 दिन छुट्टियां मनाएंगे: देह व्यापार वाले इलाकों में जाने पर रोक

अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन थाईलैंड के लाम चाबांग पोर्ट पर पहुंचा। इस एयरक्राफ्ट पर पिछले 9 महीनों से 5 हजार सैनिक तैनात हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

.