Kota Accident News: राजस्थान में कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां भोपाल से श्रद्धालुओं और यात्रियों को लेकर खाटूश्याम जा रही एक मिनी बस अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट की ऊंचाई से एक्सप्रेसवे से नीचे नाले में जा गिरी. इस भयानक हादसे में 5 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम ने क्रेन की मदद से बस को निकालकर घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुँचाया, जहाx उनका इलाज जारी है.

हादसा शनिवार सुबह-सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ. जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक दुर्घटना कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में सुबह करीब 6:30 बजे घटी. मिनी बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे जो भोपाल से खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे. प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नाले में जा गिरी.

15 फीट गहराई, कीचड़ और पानी के बीच क्रेन से चलाया गया रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बचाव कार्य में भारी मशक्कत करनी पड़ी. बस करीब 15 फीट की ऊंचाई से नाले में गिरी थी. नाले में पानी और गहरा कीचड़ होने के कारण फंसे यात्रियों को निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्थानीय पुलिस और राहत कर्मियों ने भारी क्रेन बुलवाकर नाले में फंसी बस को खींचकर बाहर निकाला और यात्रियों को बाहर निकाला.

ये भी पढ़ें: शादी के 120 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, गर्दन पर मिले निशान, पति पर एक्शन

5 महिलाओं समेत 8 की मौत, 23 घायलों का MBS अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है. इस दुखद हादसे में 5 महिलाओं समेत 8 लोगों की जान चली गई है. पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचित करने और शिनाख्त में जुटी है. हादसे में घायल हुए 23 लोगों को कोटा के एमबीएस (MBS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button