कानपुर3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
हैलट व उर्सला की ओपीडी में पहुंच रहे बुखार के मरीज। - Dainik Bhaskar

हैलट व उर्सला की ओपीडी में पहुंच रहे बुखार के मरीज।

कानपुर में धूप और बारिश के बीच बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच शहर में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जारी रिपोर्ट में डेंगू के आठ नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा स्क्रब टाइफस का भी एक नया रोगी सामने आया है। नए मरीज मिलने के बाद इस साल शहर में डेंगू रोगियों की कुल संख्या 167 पहुंच गई है।

ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे मरीज।

ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे मरीज।

इन इलाकों में मिले मरीज

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डेंगू के नए मरीज माहेश्वरी मोहाल, मंगलपुर, गांधी नगर, खाड़ेपुर, यशोदा नगर, हरजिंदर नगर, कल्याणपुर आवास विकास, बर्रा और श्याम नगर के हैं। इन इलाकों में मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं।

विभाग की ओर से मरीजों के घरों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कराई जा रही है, ताकि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को समय रहते खत्म किया जा सके।

100 से ज्यादा घरों में लार्वा नष्ट कराया

डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि जिन-जिन इलाकों में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर जांच कर रही है।

इसके साथ ही आसपास के अन्य घरों में भी डेंगू के लार्वा की जांच कराई जा रही है। जहां लार्वा मिल रहा है, उसे नष्ट कराया जा रहा है। बीते दिनों में 100 से ज्यादा घरों में डेंगू के लार्वा को नष्ट कराया गया है।

हैलट अस्पताल के एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल।

हैलट अस्पताल के एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल।

कूलर का पानी तुरंत निकालें

हैलट अस्पताल के एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि इस समय घरों में कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। यह कूलर बंद करने का समय है, लेकिन कई लोग कूलर को उतारने में काफी समय लगाते हैं। ऐसे में कूलर को उतारने में भले ही समय लगे, लेकिन उसका पानी जरूर खाली कर दें। जमा हुआ पानी डेंगू के मच्छरों के लिए प्रजनन का माध्यम बन सकता है।

ओपीडी में रोज पहुंच रहे 500 से ज्यादा मरीज

मौसम बदलने के साथ बुखार और बदन दर्द की शिकायत वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। हैलट और उर्सला अस्पताल की ओपीडी में रोज 500 से ज्यादा मरीज बुखार और बदन दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।

ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लोगों को घरों और आसपास पानी जमा न होने देने के साथ बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।

.