Delhi News: दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए पानी को लेकर परेशानी बढ़ सकती है. राजधानी के दक्षिण और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में 8 नवंबर तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है. इसकी मुख्य वजह उत्तर प्रदेश में अपर गंगा नहर की सालाना सफाई और मरम्मत का काम है. इसके चलते दिल्ली को मिलने वाले कच्चे पानी की आपूर्ति में कमी आ सकती है. नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर लोगों को पहले से पानी का पर्याप्त इंतजाम करने की सलाह दी है.

इन इलाकों में प्रभावित हो सकती है पानी की सप्लाई

NDMC के मुताबिक, भारती नगर, गोल्फ लिंक्स, लोदी एस्टेट, खान मार्केट, रवींद्र नगर, लोदी रोड के कुछ हिस्सों, दिल्ली हाई कोर्ट, बापा नगर, पंडारा रोड, जोर बाग, लोदी कॉलोनी के कुछ हिस्सों और बीके दत्त कॉलोनी में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा अमृता शेरगिल मार्ग, जनपथ के कुछ हिस्सों, अलीगंज, पृथ्वीराज रोड के कुछ हिस्सों, किदवई नगर, लक्ष्मीबाई नगर, राष्ट्रपति भवन परिसर, नए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और काका नगर में भी पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें- सर्दी आते ही क्यों दमघोंटू होने लगती है दिल्ली-NCR की हवा? यहां समझें पूरा फंडा

सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सप्लाई पर असर

NDMC की एडवाइजरी के अनुसार, सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) से पानी की आपूर्ति बंद रहने की जानकारी दी गई है. इस दौरान यमुना नदी के पानी से आपूर्ति की जाएगी. ऐसे में प्रभावित इलाकों में पानी की उपलब्धता कम हो सकती है. साथ ही पानी के स्वाद में भी बदलाव महसूस हो सकता है.

अपर गंगा नहर की सफाई से क्यों हो रही परेशानी?

अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग अपर गंगा नहर की सफाई और मरम्मत का काम कर रहा है. इस वजह से नहर से दिल्ली पहुंचने वाले कच्चे पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है. यह नहर दिल्ली के सोनिया विहार और भागीरथी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी पहुंचाने का प्रमुख माध्यम है. मरम्मत के दौरान पानी में गंदलापन बढ़ने की समस्या भी सामने आ सकती है.

दिल्ली को रोजाना मिलता है 256 MGD पानी

अपर गंगा नहर से दिल्ली को प्रतिदिन करीब 256 मिलियन गैलन (MGD) कच्चा पानी मिलता है. इसमें से लगभग 144 MGD सोनिया विहार और 112 MGD भागीरथी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को दिया जाता है. ये दोनों प्लांट दक्षिण और मध्य दिल्ली के बड़े हिस्से में पानी की आपूर्ति करते हैं.

जल विभाग के अधिकारी उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के संपर्क में हैं, ताकि मरम्मत का काम जल्द पूरा हो सके. फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से पानी जमा करके रखें. 8 नवंबर तक जलापूर्ति में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button