कानपुर12 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास स्थित कैलाश विहार में बुधवार शाम करीब सात बजे कार ने साइकिल सवार छात्र को कुचल दिया।छात्र साइकिल समेत कार के पिछले पहिये में फंस गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

हाथ देकर रोकी साइकिल, फिर भी चढ़ा दी कार

पीड़ित छात्र आदि तिवारी (13) आवास विकास कैलाश विहार का रहने वाला है और एस्कॉर्ट वर्ल्ड स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। उसके पिता संदीप तिवारी निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि दादा पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर पद से वर्ष 2008 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परिवार में मां प्रियंका तिवारी गृहिणी हैं और बड़ी बहन कक्षा 12 की छात्रा है।

संदीप तिवारी ने बताया कि बुधवार शाम वह किसी काम से उन्नाव गए हुए थे। घर पर पत्नी और बच्चे थे। शाम करीब सात बजे आदि घर के बाहर साइकिल चला रहा था। तभी एक कार तेज गति से उसकी ओर आती दिखाई दी। बच्चे ने साइकिल रोककर हाथ से संकेत भी दिया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और सीधे उस पर कार चढ़ा दी।

साइकिल समेत पहिये में फंसा बच्चा

परिजनों के मुताबिक टक्कर के बाद छात्र साइकिल सहित कार के पिछले पहिये में फंस गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार दौड़ा दी, जिससे बच्चा सड़क पर घिसटता चला गया। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर कार का पीछा किया। भीड़ जुटती देख चालक कार छोड़कर भाग निकला।

घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज में कार की टक्कर और बच्चे के घिसटने का दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस वाहन के मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।

परिजनों का आरोप- जानबूझकर मारने की कोशिश घायल छात्र के पिता संदीप तिवारी ने आरोप लगाया कि चालक ने बच्चे को देखकर भी वाहन नहीं रोका और जानबूझकर उसे कुचलने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली, चालक की तलाश जारी कल्याणपुर थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

.