July 17, 2026

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार सरकारी अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के आठ प्रमुख अस्पतालों में 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जाएंगी, जिससे मरीजों को उन्नत जांच की सुविधा अपने जिले के करीब ही उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि बिलासपुर, कुल्लू, ऊना, सोलन, किन्नौर, नाहन, धर्मशाला और पालमपुर के सरकारी अस्पतालों में नई एमआरआई मशीनें लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई मशीनें भी स्थापित की जाएंगी, ताकि जटिल बीमारियों की जांच अधिक सटीक तरीके से हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की स्वास्थ्य जांच को बेहतर बनाने के लिए नाहन, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और धर्मशाला के अस्पतालों में डिजिटल मैमोग्राफी मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर जांच सुविधाएं पहुंचाने के लिए 42 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें खरीदी जा रही हैं। इनमें से 14 मशीनें स्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी हैं। इनका उपयोग विशेष रूप से टीबी जैसी बीमारियों की जल्द पहचान और छाती की जांच के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा चमियाना स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी, आईजीएमसी शिमला, मेडिकल कॉलेज टांडा, हमीरपुर और नेरचौक में 256-स्लाइस हाई-एंड सीटी स्कैन मशीनें भी लगाई जाएंगी। साथ ही प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डिजिटल एक्स-रे और 4डी अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा उपकरणों की खरीद गुणवत्ता मानकों के अनुसार की जाए। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेडियोलॉजी विभागों को और मजबूत बनाने तथा डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को अपने ही राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो सके।