राजस्थान पंचायत चुनाव में 80.09% मतदान, कहीं झड़प तो कहीं बोगस वोटिंग के लगे आरोप

राजस्थान पंचायत चुनावImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

राजस्थान में पंच और सरपंच पदों के चुनाव के पहले चरण के तहत 16 जिलों की 3,314 ग्राम पंचायतों में शनिवार को 80.09 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया. वोटिंग ज्यादातर शांतिपूर्ण रही. हालांकि कुछ जगहों पर छोटी-मोटी झड़पें, विरोध प्रदर्शन और बोगस वोटिंग के आरोप लगे. यहां सरपंच के 3,314 पदों के लिए कुल 16,795 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पंच के 28,682 पदों के लिए मतदान हुए. अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था और शाम 6 बजे तक 80.09 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया.

अधिकारियों ने बताया कि ये चुनाव अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में हुए. इन सभी 16 जिलों में 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था. बाड़मेर में सबसे अधिक 419 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ. इसके बाद भीलवाड़ा में 326, फलोदी में 305 और उदयपुर में 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव हुए.

भीलवाड़ा में सरपंच पद के लिए 2 हजार से अधिक कैंडिडेट

भीलवाड़ा में सरपंच पद के लिए सबसे अधिक 2,097 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसके बाद डूंगरपुर में 1,594, जयपुर में 1,525 और उदयपुर में 1,480 उम्मीदवार हैं. चुनाव संबंधी आंकड़ों के अनुसार, 2,905 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक सरपंच पद के लिए अधिकतम 9 उम्मीदवार मैदान हैं, जबकि 311 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं, दो ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं.

निर्वाचन आयोग आवंटित करता है चुनाव चिह्न

जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के विपरीत पंच और सरपंच पदों के चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते. इन चुनावों में उम्मीदवारों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव चिह्न आवंटित किए जाते हैं.

हालांकि, राजनीतिक दल अक्सर गांवों में उम्मीदवारों को समर्थन देते हैं. राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं. इनके तहत 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने हैं.

अब 30 अक्टूबर, 5 नवंबर और 16 नवंबर को होंगे चुनाव

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर के बाद अब 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और 14 नवंबर को निर्धारित है. वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए चुनाव 24 अक्टूबर के बाद 30 अक्टूबर, 5 नवंबर और 16 नवंबर को होने हैं. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी. वहीं. पहले चरण में शामिल ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पदों के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव 25 अक्टूबर को कराए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग ने रद्द की वोटिंग, आगरा में 3 बूथों पर फिर से मतदान, अब इस अंगुली पर लगेगी पक्की स्याही

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

google button